1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. नेपाल के गैंग ने तमिलनाडु में की लाखों की चोरी, पुलिस ने पकड़कर यूं कबूलवाया गुनाह

नेपाल के गैंग ने तमिलनाडु में की लाखों की चोरी, पुलिस ने पकड़कर यूं कबूलवाया गुनाह

 Published : Feb 06, 2024 05:48 pm IST,  Updated : Feb 06, 2024 05:48 pm IST

ग्रेटर चेन्नई के इलाके में चोरी करने वाले नेपाल के इस गैंग को पता था कि घर का मालिक बाहर गया हुआ है और ऐसे में घटना को आसानी से अंजाम दिया जा सकता है।

Tamil Nadu, Tamil Nadu Nepal Gang, Nepal Thieves Tamil Nadu- India TV Hindi
पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। Image Source : REPRESENTATIONAL IMAGE

चेन्नई: ग्रेटर चेन्नई पुलिस ने मंगलवार को फूलों का एक्सपोर्ट करने वाले एक शख्स के घर पर चोरी के आरोप में नेपाली नागरिकों के गैंग को गिरफ्तार किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय प्रकाश खड़का, 39 वर्षीय मनोज मासी और 25 साल के जनक प्रसाद जोशी के रूप में हुई है। सभी आरोपी मूल रूप से नेपाल के रहने वाले हैं जबकि गैंग का मास्टरमाइंड प्रकाश खड़का चेन्नई में बीते एक दशक से रहा है। बता दें कि खड़का फूल व्यापारी बृजेश कुमार अग्रवाल के यहां अस्थायी ड्राइवर था। 

चोरों को पकड़ने के लिए बनी थीं 3 टीमें

पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जब बृजेश कुमार अग्रवाल और उनकी पत्नी अमृता अग्रवाल के चेन्नई स्थित आवास पर चोरी हुई, तब वो दोनों व्यापार केे सिलसिले में जर्मनी गए हुए थे। नौकरानी को 30 जनवरी को घर का दरवाजा टूटा हुआ मिला था, जिसके बाद उसने पति-पत्नी को चोरी की जानकारी दी थी। पुलिस शिकायत में कहा गया है कि घर से 7 लाख रुपये के गहने चुराए गए थे। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के लिए 3 टीमों का गठन किया गया था और परिवार के करीबियों से पूछताछ की गई।

‘कड़ाई से पूछताछ के बाद कबूला जुर्म’

पुलिस ने कहा कि बंगले के अस्थायी ड्राइवर प्रकाश खड़का को भी जांच के दायरे में लाया गया और कड़ाई से पूछताछ करने के बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसी ने नेपाली नागरिकों के इस गैंग की अगुवाई की थी। उसने बताया कि उसे पहले से पता था कि घर का मालिक विदेश गया हुआ है, तो ऐसे में घटना को आसानी से अंजाम दिया जा सकता है। पुलिस ने बताया कि प्रकाश का फोन ट्रेस करने के बाद दोनों अन्य आरोपियों की पहचान हो गई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कहा कि आरोपी नेपाल भागने की कोशिश कर रहे थे। (IANS)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।