ओडिशा क्राइम ब्रांच ने बुधवार को रायगढ़ा जिले से एक युवक को गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि उसने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी का एक AI से तैयार अश्लील और मॉर्फ किया गया वीडियो फेसबुक पर पोस्ट किया था। आरोपी की पहचान किशोर कौशल्या के रूप में हुई है।
आपत्तिजनक वीडियो की शिकायत
क्राइम ब्रांच के मुताबिक, एक नागरिक ने इस आपत्तिजनक वीडियो की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, वीडियो जानबूझकर बनाया गया है, ताकि मुख्यमंत्री की छवि को खराब किया जा सके और उन्हें बदनाम किया जा सके। शिकायतकर्ता ने यह भी शिकायत की कि यह वीडियो महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है।
कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करता है आरोपी
शिकायत मिलते ही साइबर क्राइम यूनिट ने तेजी से जांच शुरू की। शुरुआती जांच के आधार पर फेसबुक की पैरेंट कंपनी मेटा से संपर्क कर वीडियो को हटाने की मांग की गई। इसके बाद कंपनी ने तुरंत वह आपत्तिजनक कंटेंट हटा दिया। जांच के दौरान आरोपी की पहचान किशोर कौशल्या के रूप में हुई। वह रायगढ़ा जिले के चांदली थाना क्षेत्र के केउटागुड़ा स्टेशन साहि का रहने वाला है। आरोपी रायगढ़ा के टिकरी इलाके में एक निजी कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम कर रहा था।
AI तकनीक से तैयार किया गया वीडियो
किशोर कौशल्या पर आरोप है कि उसने मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो को जानबूझकर तैयार किया और उसे फेसबुक पर शेयर किया। यह वीडियो AI तकनीक से तैयार किया गया था, ताकि वह असली जैसा लगे। आरोपी को कई गंभीर धाराओं में गिरफ्तार किया गया है। उस पर भारतीय न्याय संहिता (BNS), आईटी एक्ट 2000 और महिला अशोभनीय चित्रण (प्रतिबंध) अधिनियम, 1986 के तहत केस दर्ज किया गया है। उसे आज भुवनेश्वर के SDJM कोर्ट में पेश किया गया।
क्राइम ब्रांच ने जारी की कड़ी चेतावनी
क्राइम ब्रांच ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कड़ी चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा कि AI और सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर इस तरह की गंदी और भ्रामक जानकारी फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। लोगों से अपील की गई है कि वे इस तरह के कंटेंट को न शेयर करें और न ही देखें, क्योंकि यह कानूनन अपराध है। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर कोई भी चीज शेयर करने से पहले उसकी सच्चाई और प्रभाव के बारे में जरूर सोचें।
(रिपोर्ट- शुभम कुमार)
ये भी पढ़ें-
ईरान से सुरक्षित वतन लौटे स्टूडेंट्स ने कहा- सरकार का शुक्रिया, बताया कैसे उन्हें रेस्क्यू किया गया
राजा रघुवंशी हत्याकांड: सोनम और उसके प्रेमी राज को 2 दिन की पुलिस हिरासत, 3 अन्य न्यायिक रिमांड पर