ओडिशा के ढेंकानाल जिले के ददराघाटी पुलिस चौकी अंतर्गत अखुआपाड़ा पंचायत के मोहानपाशी गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी बेटी के साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में देखकर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव को नहर किनारे फेंक दिया। हत्या के बाद आरोपी पिता ने खुद पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है। आरोपी व्यक्ति की पहचान रूपा पिंगुआ के रूप में हुई है, जबकि मृतक युवक अखुआपाड़ा पंचायत की नं- 1 कॉलोनी का रहने वाला करुणाकर बेहेरा था, जो मोहानपाशी गांव में एक जेसीबी मशीन के हेल्पर के रूप में काम कर रहा था।
पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, घटना की रात रूपा पिंगुआ ने करुणाकर को अपनी बेटी के साथ आपत्तिजनक हालात में देख लिया। पिता को लगा कि युवक उसकी बेटी के साथ जबरदस्ती या यौन उत्पीड़न कर रहा है। इसी गुस्से में वह बेकाबू हो गया और उसने कथित तौर पर एक तेज हथियार से करुणाकर पर हमला कर दिया, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि मृत युवक करुणाकर और आरोपी की बेटी के बीच आपसी प्रेम संबंध था और वे एक-दूसरे को पसंद करते थे। लेकिन पिता ने जब उन्हें देखा, तो गुस्से में आकर उसने युवक की जान ले ली।
हत्या के बाद किया सरेंडर
हत्या करने के बाद आरोपी रूपा पिंगुआ ने करुणाकर के शव को गांव की एक नहर के पास फेंक दिया। इसके तुरंत बाद, वह ददराघाटी पुलिस चौकी पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। घटना की खबर मिलते ही मृतक करुणाकर के पिता काशीनाथ बेहेरा और अन्य परिजन मोहानपाशी गांव पहुंचे और उन्होंने आरोपी रूपा पिंगुआ के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी रूपा पिंगुआ को हिरासत में लेकर उससे गहन पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
(रिपोर्ट- शुभम कुमार)
ये भी पढ़ें-
VIDEO: कानपुर में फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन पर हुआ पथराव, भड़के यात्रियों ने तोड़ा शीशा
बिहार चुनाव: RJD ने 143 कैंडिडेट की लिस्ट की जारी, तेजस्वी यादव राघोपुर से लड़ेंगे चुनाव