1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. ओडिशा: घर में लगी आग, बेटा-पत्नी सुरक्षित, लेकिन वनकर्मी की मौत, पुलिस बोली- 'यह हादसा नहीं पारिवारिक विवाद का असर'

ओडिशा: घर में लगी आग, बेटा-पत्नी सुरक्षित, लेकिन वनकर्मी की मौत, पुलिस बोली- 'यह हादसा नहीं पारिवारिक विवाद का असर'

 Edited By: Shakti Singh
 Published : May 31, 2025 03:57 pm IST,  Updated : May 31, 2025 03:57 pm IST

वनकर्मी के रिश्तेदार ने बताया कि वह बहुत अच्छे इंसान थे। उनकी नौकरी भी अच्छी चल रही थी। ऐसे में आशंका है कि पारिवारिक विवाद के चलते उन्होंने यह कदम उठाया होगा। पुलिस हादसा और हत्या, दोनों एंगल से जांच कर रही है।

House burnt and deceased- India TV Hindi
आग में जला घर (बाएं), मृतक शिशिर (दाएं) Image Source : INDIA TV

ओडिशा के नयागढ़ जिले में बारामासी इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां वन विभाग के एक कर्मचारी की अधजली लाश उनके घर से बरामद हुई है। मृतक की पहचान शिशिर साहू के रूप में हुई है, जो दो महीने पहले ही पंचरिडा रेंज में फॉरेस्टर के पद पर नियुक्त हुए थे। घटना शुक्रवार देर रात की है, जब शिशिर साहू अपनी पत्नी नमिता और बेटे के साथ घर पर थे। अचानक घर में आग लग गई। शिशिर की पत्नी नमिता चिल्लाते हुए बाहर निकली और पड़ोसियों को आग की सूचना दी। पड़ोसियों ने आग बुझाने की कोशिश की और इस दौरान नमिता को हल्की चोटें आईं जबकि उनका बेटा पूरी तरह सुरक्षित है।

आग लगने के कारण घर के अंदर रखे एक स्कूटी और फर्नीचर भी जलकर राख हो गए। सूचना मिलने पर नयागढ़ फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद शिशिर साहू का शव उनके बेडरूम में बेड पर पड़ा मिला, जो आंशिक रूप से जल चुका था। घटना की जानकारी मिलते ही नयागढ़ टाउन पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। आग लगने का कारण अब तक साफ नहीं है, जिससे घटना को लेकर कई संदेह खड़े हो गए हैं। पुलिस सुसाइड और मर्डर दोनों एंगल से जांच कर रही है।

रिश्तेदार बोले- पारिवारिक विवाद के कारण आत्महत्या की

शिशिर साहू के रिश्तेदार सनातन स्वाइं ने बताया, "शिशिर कुमार साहू के घर पर कल आग लग गई, जिसमें उनकी मौत हो गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घर पर पुलिस ने ताला लगा दिया है और फॉरेंसिक टीम आने के बाद घर को खोला जाएगा। मुझे जितना लग रहा है पारिवारिक विवाद की वजह से उन्होंने ऐसा कदम उठाया हो सकता है। वे बहुत अच्छे व्यक्ति थे और उनकी ड्यूटी भी बहुत अच्छी चल रही थी। हम आशा कर रहे हैं कि जल्द से जल्द जांच पूरी हो और न्याय मिलना चाहिए ।"

मृतक की पत्नी और बेटा पुलिस हिरासत में

फिलहाल शिशिर की पत्नी और बेटे को पुलिस हिरासत में रखा गया है। नमिता को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है और बेटे से पूछताछ की जा रही है। नमिता से पुलिस इलाज पूरा होने के बाद पूछताछ करेगी। जांच अधिकारी हर संभव दिशा में मामले की जांच कर रहे हैं। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह आत्महत्या का मामला है या फिर किसी ने शिशिर की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए आग लगाई। इलाके में इस घटना को लेकर डर और सन्नाटा फैल गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास कोई जानकारी है तो वे आगे आएं और जांच में सहयोग करें।

हर एंगल से जांच कर रही पुलिस

अतिरिक्त एसपी सुभाष चंद्र पंडा ने कहा, "सुशील साहू की मौत को मर्डर केस के तौर पर रजिस्टर किया गया है। सुशील साहू के बड़े भाई सरत साहू ने केस रजिस्टर किया है। हम फिलहाल उनके परिवार के लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रहे हैं , साइंटिफिक टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है और और आगे की जांच जारी है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि घटना के पीछे का कारण पारिवारिक विवाद है और हम उस एंगल पर भी अपनी जांच जारी रखे हुए हैं। हम अभी सुशील के बेटे से पूछताछ कर रहे हैं। सुशील की पत्नी घटना में घायल हुई थीं, उनका इलाज जारी है। ठीक होने पर उनसे भी पूछताछ की जाएगी। हम हर एंगल से जांच कर रहे हैं। ये घटना हत्या की ओर इशारा कर रही है पर अभी से निष्कर्ष पर पहुंचना ठीक नहीं है। एसडीपीओ और आईआईसी मौके पर मौजूद है और हर संभव जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।"

(ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।