1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. रथयात्रा से युवती को किडनैप कर ले गया प्रेमी, हत्या कर जंगल में फेंक दी लाश; शव बरामद

रथयात्रा से युवती को किडनैप कर ले गया प्रेमी, हत्या कर जंगल में फेंक दी लाश; शव बरामद

 Written By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jul 20, 2026 08:22 am IST,  Updated : Jul 20, 2026 08:22 am IST

ओडिशा के संबलपुर में पुलिस ने युवती की हत्या के मामले में उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक रथयात्रा के दौरान युवती लापता हो गई थी। जांच में पता चला कि उसे प्रेमी ने उसे किडनैप कर उसकी हत्या कर दी थी।

पुलिस आरोपी को किया गिरफ्तार।- India TV Hindi
पुलिस आरोपी को किया गिरफ्तार। Image Source : REPORTER INPUT

ओडिशा के संबलपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 24 वर्षीय एक युवती का अपहरण करने के बाद उसके प्रेमी ने ही युवती की हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में युवती के प्रेमी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने युवती का शव जंगल से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच अभी जारी है। मृतका की पहचान 24 वर्षीय सरिता के रूप में हुई है। वह महुलपाली थाना क्षेत्र के कुसुमी महुलागुड़ा गांव की रहने वाली थी और कुचिंडा शहर के एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी। पुलिस के अनुसार, सरिता का 27 साल के आरोपी अनिल प्रुसेथ के साथ प्रेम संबंध था। अनिल कुचिंडा थाना क्षेत्र के कुंदापोसी गांव का रहने वाला है।

कार में ले जाकर की हत्या

जानकारी के मुताबिक, 16 जुलाई को कुचिंडा में रथयात्रा के दौरान सरिता अचानक लापता हो गई थी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। बाद में सरिता के पिता ने लिखित शिकायत देकर अनिल प्रुसेथ पर बेटी के अपहरण, हत्या और शव को ठिकाने लगाने का आरोप लगाया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और अनिल प्रुसेथ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह सरिता को कार में बैठाकर ले गया था, जहां उसकी हत्या कर दी और बाद में शव को जामनकीरा थाना क्षेत्र के बड़रमा जंगल की तलहटी में फेंक दिया।

जंगल से बरामद हुआ शव

आरोपी के बयान, उसकी निशानदेही और गवाहों की मौजूदगी में पुलिस ने जंगल से सरिता का शव बरामद किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच के दौरान आरोपी ने पुलिस को उस चुनरी के बारे में भी जानकारी दी, जिसका कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल किया गया था। पुलिस ने उस चुनरी को भी बरामद कर जब्त कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने अशोक किसान नाम के एक अन्य व्यक्ति को भी हिरासत में लिया है। वह सुंदरगढ़ जिले का रहने वाला बताया गया है। पुलिस का आरोप है कि उसने अपनी कार से आरोपी और युवती को घटनास्थल तक पहुंचाया था। उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।

घटना की जांच में जुटी पुलिस

मामले पर एसडीपीओ प्रदीप दास का कहना है कि मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। साथ ही हत्या के पीछे की वजह, घटना कैसे हुई और इसमें अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं, इन सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों को खंगाल रही है। (इनपुट- शुभम कुमार)

यह भी पढ़ें-

जन्मदिन पर पत्नी को सरप्राइज देने घर पहुंचा पति, संदिग्ध हालात में हुई मौत, पत्नी और कथित प्रेमी पर हत्या का आरोप

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।