कार का लालच इतना बढ़ गया कि इंजीनियरिंग के तीन छात्रों ने एक व्यापारी की बेरहमी से हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात नागपुर के वाडी थाना क्षेत्र से सामने आई है। क्राइम ब्रांच की टीम ने मात्र 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आर्यन शेंडे, रिशांक कांबले और अनुज बाघमारे के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों की उम्र महज 20 से 22 साल की बीच की है। वहीं मृतक की पहचान वाडी निवासी सूचित भोजापुरे के रूप में हुई है। सूचित, कार के स्पेयर पार्ट्स सप्लाई करने का व्यवसाय करते थे।
शराब के नशे में मिला था व्यापारी
जानकारी के मुताबिक तीनों छात्र नागपुर के एक निजी कॉलेज से बीटेक कर रहे थे। आर्यन कंप्यूटर साइंस की द्वितीय वर्ष में पढता है, जबकि अन्य दो आरोपी मैकेनिकल के द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। मृतक सुजीत शराब पीने का आदी था। गुरुवार की रात सुजीत वर्धमान नगर जैन मंदिर के पास शराब के नशे में दिखाई दिया। आरोपियों ने सुजीत को कार किराने लगाने की सलाह दी, लेकिन नशे की हालत में सुजीत ने तीनों छात्रों से उसे घर छोड़ने की विनती की। जब आरोपी उसे घर लेकर गए तो उसके घर पर ताला लगा था। इसके बाद आरोपियों ने मृतक की पत्नी को इसकी सूचना दी।
कार के लालच में कर दिया मर्डर
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपियों से उसकी पत्नी ने बात करके फोन काट दिया। मृतक की पत्नी द्वारा फोन काटने की वजह से आरोपियों ने जहां से सूचित को उठाया था वहां ले जाने का निश्चय किया। रास्ते में ले जाते हुए आरोपियों के मन में कार के प्रति लालच पैदा हो गई। आरोपी सूचित को खडगांव रोड के निर्जन स्थान पर ले गए। यहां उन्होंने सूचित के सिर पर पत्थर से हमला करके उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मृतक के शव को शमशान के पास झाड़ियों के पास फेंक दिया।
हत्या कर श्मशान के पास फेंका शव
हत्या के बाद आरोपी कार और मोबाइल लेकर फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने कार का रंग बदलने का निश्चय किया। हालांकि सुबह जैसे ही पुलिस को श्मशान के पास शव मिला तो तकनीकी जांच के जरिए पुलिस ने इन आरोपियों को धर दबोचा। वाडी थाने के पुलिस निरीक्षक ज्ञानेश्वर भेदोड़कर ने बताया कि एआई की मदद से आरोपियों तक पहुंचने में आसानी रही और तीनों आरोपियों से पूछताछ चल रही है।
यह भी पढ़ें-
जान के लिए खतरा! दिल्ली में नकली दवाइयों के कारोबार गिरोह का पर्दाफाश, 6 गिरफ्तार-VIDEO