नूंह: हरियाणा के नूंह जिले में मेघालय पुलिस की एक टीम ने स्थानीय लोगों के साथ बहस के बाद फायरिंग कर दी, जिससे पूरा माहौल तनावपूर्ण हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना तब हुई जब मेघालय पुलिस एटीएम काटकर लूट करने के मुख्य आरोपी को पकड़ने के बाद उसे लेकर जा रही थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान सिकरावा-भादस रोड पर ग्रामीणों ने पुलिस की गाड़ी को रोक लिया और आरोपी को छुड़ाने की कोशिश की। मौके पर हालात को तनावपूर्ण होता देख भीड़ को काबू करने के लिए फायरिंग की, जिसमें एक युवक घायल हो गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना की शुरुआत तब हुई जब मेघालय पुलिस आरोपी राहुल खान को लेकर जा रही थी। पुलिस की गाड़ी देख ग्रामीणों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। अंदर से सादी वर्दी में मौजूद पुलिसवालों ने फायरिंग शुरू कर दी जिससे हड़कंप मच गया और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। एक गोली पास ही अपनी दुकान पर वेल्डिंग का काम कर रहे युवक को लगी, जिसके बाद उसे फौरन अस्पताल पहुंचाया गया। खबरों के मुताबिक, घायल युवक की पहचान शिकरावा गांव के तारीफ के रूप में हुई है। गोली उसके पैर में लगी है और उसका इलाज नल्हर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
फायरिंग की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से भी लोग जमा हो गए और सड़क जाम कर दी। हालात बिगड़ते देख लोकल नूंह पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी देर तक समझा-बुझाकर लोगों को शांत किया, तब जाकर सड़क से जाम हटाया जा सका। मेघालय पुलिस की टीम आरोपी को पिनगवां थाने ले गई। नूंह पुलिस के मुताबिक, फायरिंग आत्मरक्षा में की गई क्योंकि भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया और आरोपी को छुड़ाने की कोशिश की। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस की फायरिंग और भीड़ का हंगामा साफ दिख रहा है।