1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. Delhi Blast: दिल्ली ब्लास्ट के बाद लाल किला मेट्रो को लेकर आई बड़ी खबर, यात्रा से पहले पढ़ लें जरूरी अपडेट

Delhi Blast: दिल्ली ब्लास्ट के बाद लाल किला मेट्रो को लेकर आई बड़ी खबर, यात्रा से पहले पढ़ लें जरूरी अपडेट

 Reported By: Kumar Sonu Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Nov 11, 2025 06:46 am IST,  Updated : Nov 11, 2025 11:30 am IST

दिल्ली ब्लास्ट के बाद लाल किला मेट्रो को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। इसके 2 गेट बंद कर दिए गए हैं। गौरतलब है कि इस धमाके में 12 लोगों की मौत हो गई है और 29 लोग घायल हैं।

Red Fort Metro- India TV Hindi
लाल किला मेट्रो स्टेशन Image Source : PTI/FILE

नई दिल्ली: दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए एक कार में धमाके की वजह से 12 लोगों की मौत हो गई है और 29 लोग घायल बताए जा रहे हैं। ऐसे में दिल्ली मेट्रो के लाल गेट स्टेशन को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है।

लाल किले का मेट्रो गेट 1 और गेट 4 पुलिस की अगली सूचना तक बंद रहेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पुलिस ने स्पॉट को चारों तरफ से बंद कर दिया है।

इस मामले में ताजा अपडेट ये है कि लाल किला मेट्रो को पूरी तरह से जनता के लिए बंद कर दिया गया है।

ब्लास्ट से पहले का सीसीटीवी फुटेज भी मिला

ब्लास्ट से ठीक पहले की CCTV फुटेज सामने आई है। फुटेज में एक I-20 कार में ड्राइवर काले रंग का मास्क पहने हुए दिखा है। सूत्रों के अनुसार, कार चलाने वाले शख्स का नाम मोहम्मद उमर है। वह फरीदाबाद मॉड्यूल से जुड़ा हुआ है।

कैसे हुआ दिल्ली में ब्लास्ट?

दिल्ली में सोमवार (10 नवंबर) शाम को लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास एक कार में जबरदस्त धमाका हुआ। इसकी वजह से आस-पास की कार भी चपेट में आईं। अचानक हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और लोग इधर-उधर भागने लगे।

दिल्ली पुलिस, एसएफएल की टीम, एनआईए और एनएसजी भी इस मामले की जांच में जुट गई है। ब्लास्ट हरियाणा नंबर की आई-20 कार में हुआ। गृह मंत्री अमित शाह आज सुरक्षा एजेंसियों के साथ एक बड़ी बैठक करेंगे।

दिल्ली पुलिस ने फरीदाबाद क्राइम ब्रांच और जम्मू कश्मीर पुलिस से संपर्क किया है। स्पेशल सेल ने फरीदाबाद क्राइम ब्रांच और जम्मू कश्मीर पुलिस से फरीदाबाद टेरर मॉड्यूल से जुड़ी जानकारी मांगी है। 

गौरतलब है कि जिस जगह धमाका हुआ, वह जगह मेट्रो स्टेशन और लाल किले के बिल्कुल नजदीक है। जिस समय ये धमाका हुआ, उस वक्त इस इलाके में काफी भीड़ होती है। अब जांच एजेंसियां इस मामले को लेकर हर एंगल से जांच कर रही हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।