दिल्ली में आज लोगों को 11 मार्च को कई इलाकों में पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। दिल्ली जल बोर्ड ने कई इलाकों के लिए पानी की सप्लाई को लेकर अलर्ट जारी किया है। जल बोर्ड ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि 11 मार्च को भूमिगत जलाशय (UGR) और बूस्टर पंपिंग स्टेशनों के सालाना फ्लशिंग की वजह से 11 मार्च, 2026 को दिल्ली के कई इलाकों में पानी की सप्लाई पर असर पड़ेगा।
जल बोर्ड ने इस असुविधा के लिए लोगों से खेद जताया है और लोगों से पहले से ही जरूरत के हिसाब से पानी स्टोर करके रखने की अपील की है।
इन इलाकों में होगी पानी की किल्लत-
- पश्चिमी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली और रोहिणी के कई इलाकों में पानी की सप्लाई बाधित रह सकती है।
- पश्चिम विहार एक्सटेंशन, पश्चिम पुरी के पॉकेट-1, 2 और 3, मुल्तान नगर, ज्वाला हेरी गांव और पीतमपुरा के जनता फ्लैट्स जैसे इलाके भी शामिल हैं।
- इसके साथ-साथ न्यू मोती नगर, मदिपुर के स्लम क्वार्टर, मौजपुर, ब्रह्मपुरी, जगजीत नगर, करतार नगर में वाटर सप्लाई प्रभावित रह सकती है।
- विजय कॉलोनी, गौतम विहार और घोंडा गांव सहित आसपास के कई इलाकों में भी पानी की सप्लाई प्रभावित रहने की संभावना है।
- पूर्वी दिल्ली के बाबरपुर, बलबीर नगर, गोरख पार्क, कबीर नगर, ज्योति कॉलोनी में पानी की आपूर्ति पर असर पड़ सकता है।
- शिवाजी पार्क, रोहताश नगर और चंदरलोक जैसे इलाकों में भी पानी की कमी हो सकती है।
- गोकुलपुरी, दुर्गापुरी, अशोक नगर, नाथू कॉलोनी, मानसरोवर पार्क और राम नगर जैसे क्षेत्रों में भी जल आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
- इसके अलावा सीमापुरी, नंद नगरी, जहांगीरपुरी, रोहिणी सेक्टर-11, सेक्टर-15 और सेक्टर-23 के कुछ हिस्सों में भी पानी की सप्लाई पर असर पड़ेगा।
अंडरग्राउंड जलाशय और बूस्टर पंपिंग स्टेशन की फ्लशिंग के सालाना प्रोग्राम की वजह से इन इलाकों में जल आपूर्ति प्रभावित होगी। यही वजह है कि दिल्ली जल बोर्ड ने इन इलाकों से जुड़ी जनता से अपील की है कि वह पहले से ही पानी की पर्याप्त व्यवस्था करके रख लें नहीं तो उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
टैंकर से होगी सप्लाई, क्या है कंट्रोल रूम नंबर?
जिन इलाकों में पानी की सप्लाई प्रभावित होगी, वहां जरूरत पड़ने पर टैंकर के जरिए पानी उपलब्ध कराया जाएगा। शास्त्री पार्क, सीलमपुर, ग्रेटर कैलाश, गिरी नगर, जल सदन, वसंत कुंज, छत्तरपुर और आरकेपुरम के कंट्रोल रूम से पानी के टैंकर की व्यवस्था की जा सकती है। पानी से जुड़ी किसी भी आपात स्थिति में लोग दिल्ली जल बोर्ड के वाटर इमरजेंसी नंबर 1916 पर संपर्क कर सकते हैं।