नई दिल्लीः दिल्ली में लगातार दो दिनों की बारिश के बाद तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दिल्ली में हफ़्ते भर मौसम सूखा और गर्म रह सकता है। शुक्रवार को दिल्ली में आसमान साफ़ रहा और शनिवार को भी तेज बारिश की संभावना नहीं है।
15 जुलाई तक भारी बारिश के आसार नहीं
स्काईमेट वेदर के महेश पलावत ने कहा कि 15 जुलाई तक दिल्ली में बारिश कम रहने की उम्मीद है क्योंकि मौसमी ट्रफ़ (seasonal trough) हिमालय की तलहटी की ओर खिसक गया है। उन्होंने कहा कि शनिवार और रविवार को कहीं-कहीं हल्की-फुल्की बारिश हो सकती है, लेकिन भारी बारिश की उम्मीद नहीं है। पलावत ने कहा कि इस दौरान तापमान बढ़ने और उमस कम होने की संभावना है।
महेश पलावत ने कहा कि 15 जुलाई के बाद मौसमी ट्रफ़ फिर से दक्षिण की ओर बढ़ सकता है, जिससे शहर में एक और दौर की बारिश की संभावना बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान और मध्य पाकिस्तान से सूखी हवाएं लाने वाली पश्चिमी हवाओं की वापसी भी दिल्ली तक पहुंच गई है, जिसके कारण भारी बारिश के बाद आसमान साफ़ हो गया है और तेज़ धूप खिली है। उन्होंने कहा कि अगर 15 जुलाई से पहले दिल्ली में बारिश होती है, तो यह ज़्यादातर स्थानीय स्तर पर बादल बनने के कारण छिटपुट बारिश होगी न कि मानसून गतिविधि की वजह से बारिश होगी।
दिल्ली में अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में शनिवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। दोपहर या शाम के समय कुछ जगहों पर हल्की बारिश और कहीं-कहीं मध्यम बारिश हो सकती है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 32-34°C के बीच रहने की संभावना है। वहीं, रविवार को भी दिल्ली में बादल छाए रहेंगे। सुबह या दोपहर के समय तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 35°C से 37°C और 24°C से 26°C के बीच रहने की संभावना है।
शुक्रवार को कितना दर्ज हुआ तापमान
दिल्ली के सफदरजंग में अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम था, जबकि पालम में यह 33.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम था। लोधी रोड पर अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.8 डिग्री कम), रिज में 33.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.1 डिग्री कम) और आयानगर में 33.0 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3.0 डिग्री कम) दर्ज किया गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, जुलाई के पहले 10 दिनों में शहर में सामान्य से कहीं ज़्यादा बारिश हुई, क्योंकि मानसून 27 जून की सामान्य तारीख़ के बजाय 2 जुलाई को दिल्ली पहुंचा था। दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफ़दरजंग में इस अवधि के दौरान 132.2 mm बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से लगभग 151 प्रतिशत ज़्यादा है। इस बारिश में से 100 mm से ज़्यादा बारिश पिछले दो दिनों में हुई।
ये भी पढ़ेंः भारी बारिश का कहर, दिल्ली में गिरी इमारत, मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 3, FIR दर्ज
दिल्ली-NCR में भारी बारिश का कहर! फरीदाबाद में भी कई सड़कों पर भरा पानी