1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में 15 अगस्त को कैसा रहेगा मौसम? बारिश होगी या बादलों के बीच मनेगा स्वतंत्रता दिवस

दिल्ली में 15 अगस्त को कैसा रहेगा मौसम? बारिश होगी या बादलों के बीच मनेगा स्वतंत्रता दिवस

 Published : Aug 13, 2025 08:00 am IST,  Updated : Aug 13, 2025 08:19 am IST

दिल्ली-एनसीआर में 15 अगस्त को आकाश में बादल छाए रहेंगे और सुबह के समय हल्की बारिश हो सकती है। गुरुग्राम और फरीदाबाद में तेज बारिश की संभावना है।

दिल्ली में 15 अगस्त को कैसा रहेगा मौसम- India TV Hindi
दिल्ली में 15 अगस्त को कैसा रहेगा मौसम Image Source : ANI

नई दिल्लीः 15 अगस्त को भारत अपना  79वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। मुख्य कार्यक्रम दिल्ली में होगा। इस बीच मौसम विभाग ने 15 अगस्त तक आमतौर पर बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान लगाया है। मौसम विभाग की वेबसाइट के मुताबिक, 15 अगस्त को दिल्ली में बादल छाया रहेगा। विभाग ने शुक्रवार को दिल्ली के लिए भारी बारिश की कोई भी चेतावनी जारी नहीं की है।

बादलों के बीच मनाया जा सकता है स्वतंत्रता दिवस  

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह बादलों के बीच मनाया जा सकता है। सुबह हल्की बारिश की संभावना है। दिन में तापमान 31°C से 33°C और रात में 22°C से 24°C के बीच रह सकता है।  

15 अगस्त को गुरुग्राम और फरीदाबाद में बारिश का अलर्ट

वहीं, मौसम विभाग ने दिल्ली से सटे गुरुग्राम और फरीदाबाद में बारिश की चेतावनी जारी की है। शुक्रवार को इन दोनों शहरों में कई स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। वहीं, फरीदाबाद के सटे साउथ दिल्ली में भी बूंदाबांदी हो सकती है। 

नोएडा और गाजियाबाद में छाए रहेंगे बादल

दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में भी 15 अगस्त को बारिश की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, नोएडा और गाजियाबाद में स्वतंत्रता दिवस के दिन आकाश में बादल छाए रहेंगे। 

उमस भरी गर्मी से कब मिलेगी राहत

दिल्ली-एनसीआर में इस समय उमस भरी गर्मी पड़ रही है। इसकी वजह है कभी धूप और कभी बादल....। अगले 24 घंटे के दौरान तापमान में थोड़ी गिरावट आने की उम्मीद है। उदाहरण के लिए 13 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। आर्द्रता का स्तर 55 से 70 प्रतिशत के बीच रहेगा, जिससे वातावरण में हल्की ठंडक रहेगी।

दिल्ली में 14 अगस्त को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 16 और 17 अगस्त को हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की भी संभावना है। इन दिनों लगातार बूंदाबांदी और हल्की बारिश से गर्मी कम होने के साथ-साथ वायु गुणवत्ता में भी सुधार होने की संभावना है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।