1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. गोगी गैंग के नाम पर मांगी 50 लाख की रंगदारी, मास्टरमाइंड निकली पीड़ित की पत्नी और साली

गोगी गैंग के नाम पर मांगी 50 लाख की रंगदारी, मास्टरमाइंड निकली पीड़ित की पत्नी और साली

 Reported By: Anamika Gaur Edited By: India TV Delhi Bureau Desk
 Published : Jun 30, 2026 01:57 pm IST,  Updated : Jun 30, 2026 02:42 pm IST

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने गोगी गैंग के नाम पर 50 लाख की रंगदारी मांगने के मामले में बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने कारोबारी की पत्नी को गिरफ्तार किया है।

कारोबारी से रंगदारी मांगने के आरोप में बीवी और साली गिरफ्तार- India TV Hindi
कारोबारी से रंगदारी मांगने के आरोप में बीवी और साली गिरफ्तार Image Source : INDIA TV

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने गोगी गैंग के जरिए की जा रही 50 लाख रुपये की रंगदारी की साजिश का भंडाफोड़ किया। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें पीड़ित कारोबारी की पत्नी सपना जैन और गोगी गैंग का कथित सदस्य रजत शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, अमेरिका से रंगदारी की कॉल करवाई गई थी, जिसकी व्यवस्था स्थानीय सहयोगी रजत ने की थी। आरोपियों के मोबाइल फोन से पत्नी और गोगी गैंग के सदस्य के बीच आपत्तिजनक चैट बरामद हुई है। 

पीड़ित लक्ष्मी नगर का थोक व्यापारी है, जिसे 14 जून 2026 से अंतरराष्ट्रीय नंबरों से धमकी भरे कॉल और मैसेज मिलने लगे थेकॉल करने वाले ने खुद को गोगी गैंग का सदस्य बताते हुए 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और पैसे न देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने व्यापारी की दुकान और घर की तस्वीरें व लोकेशन भी भेजी थीं।

गोगी गैंग के नाम पर मांगी 50 लाख की रंगदारी, पत्नी और साली गिरफ्तार

पीड़ित कारोबारी के मुताबिक,  मुझे 14 तारीख को एक फोन आया मुझे धमकी दी गई और 50 लाख की रंगदारी मांगी गई। ये कहा गया कि गोगी गैंग से बोल रहा है। पहले तो मैं काफी डर गया फिर दोबारा उसका फोन आया मैंने उठाया नहीं और अगले दिन मैंने इस बात की जानकारी दिल्ली स्पेशल सेल को दी।

पीड़ित ने बताया, 'पुलिस को जानकारी देने के बाद दोबारा मुझे फोन आया वो लगातार मेरी हर एक एक्टिविटी बता रहा था घर से निकलने का टाइम मेरी स्कूटी का नंबर सब उसने मेरे बच्चों को भी जान से मारने की धमकी दी। मैं फिर काफी डर गया।' मुझे पुलिस प्रोटेक्शन भी दी गई बाद में पुलिस ने बताया कि उन्होंने सोनीपत से एक लड़के को गिरफ्तार किया है वह लड़का मेरी साली का दोस्त है फिर दो दिन बाद मेरी बीवी की गिरफ्तारी हुई तब मुझे पता चला कि मेरी बीवी और उसकी बहन और उसके दोस्त ने मिलकर यह सब किया है। 

पीड़ित कारोबारी ने बताया, 'एक डेढ़ महीने से मेरी बीवी से मेरी कोई बोलचाल नहीं थी। वह अपनी बहन के घर गई हुई थी वहीं से उसकी गिरफ्तारी हुई है सोनीपत से। मैंने उससे पूछने की कोशिश की लेकिन आखिरी बार हमारी बात नहीं हुई कि उसने ऐसा क्यों किया। मेरा मानना है कि इसमें मेरी बीवी मास्टरमाइंड नहीं होगी उसकी बहन  ने उससे यह करवाया है।

स्पेशल सेल की तकनीकी जांच में हुआ बड़ा खुलासा

मामले में 18 जून 2026 को लक्ष्मी नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई, जिसे बाद में जांच के लिए स्पेशल सेल, न्यू दिल्ली रेंज को सौंप दिया गया। तकनीकी जांच और मुखबिरों की सूचना के आधार पर 25 जून 2026 को हरियाणा के सोनीपत से आरोपी रजत को गिरफ्तार किया गया।

जांच में खुलासा हुआ कि रजत एक तरफ अमेरिका में बैठे कथित रंगदारी गिरोह के संपर्क में था, वहीं दूसरी ओर पीड़ित की पत्नी और उसकी साली से लगातार संपर्क में था।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में रजत ने कबूल किया कि सपना जैन ने अपने पति से रंगदारी वसूलने, सास की हत्या और पति पर हमला कराने की साजिश रची थी। पुलिस का दावा है कि सपना जैन अपने पति की आवाजाही और गतिविधियों की जानकारी भी रजत को उपलब्ध कराती थी।

जांच में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था और सास बेटे का पक्ष लेती थीं। आरोपी रजत के गोगी गैंग के कई सदस्यों और जेल में बंद गैंगस्टर रोहित मोई से संपर्क होने की बात भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, रजत का पहले से स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट के मामलों में आपराधिक रिकॉर्ड है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है।

(रिपोर्ट- अनामिका गौड़)

ये भी पढ़ें-

पहाड़गंज में मकान खरीदने के बहाने आया हमलावर, 5 लाख की रंगदारी न मिलने पर प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में चलाई गोली

गुरुग्राम NH-48 पर रोंगटे खड़े कर देने वाला स्टंट, सामान को लेकर कैब की छत पर बैठा युवक, वीडियो हुआ वायरल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।