नई दिल्ली: खाड़ी के देशों में जारी युद्ध ने पूरी दुनिया में तेल और गैस का संकट पैदा कर दिया है। भारत भी इससे अछूता नहीं है। तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। राजधानी दिल्ली में आज रात से कई होटल रेस्टोरेंट और ढाबों में एलपीजी खत्म हो जाएगी। अगर इसी तरह से संकट बरकरार रहा तो कल से दिल्ली में swiggy और Zomato से खाना नहीं डिलीवर हो पाएगा। ये जानकारी नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष जोरावर कालरा ने दी।
उन्होंने बताया कि इस युद्ध की वजह से एक गहरा संकट होटल इंडस्ट्री पर मंडरा रहा है। पिछले दो दिनों से हमें एलपीजी की सप्लाई नहीं मिल रही है जिसके चलते पूरे भारत में 80 प्रतिशत होटल इंडस्ट्री क्राइसिस में आ गई है। इस क्राइसिस में वे रेस्टोरेंट भी शामिल हैं जो क्लाउड किचन के जरिए ऑनलाइन डिलीवरी करते हैं।
उन्होंने बताया कि दिल्ली में कई ऐसे होटल और रेस्टोरेंट हैं जिनमे एलपीजी का स्टॉक आज रात तक का ही बचा हुआ है। करीब 70% होटल और रेस्टोरेंट में केवल दो दिन का ही बैकअप बचा है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार से मांग है कि हमें एसेंशियल कमोडिटी में डाला जाए ताकि हम भी लोगों तक अपनी सर्विस पहुंचा सकें। क्योंकि भारत में दो से तीन प्रतिशत लोग हैं जो ऑनलाइन खाना मांगते हैं। वे क्लाउड किचन पर निर्भर रहते हैं।
वहीं डिमांड ज्यादा और सप्लाई कम होने के कारण अब एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी होने लगी है। लोगों का दावा किया है कि 910 रुपए का मिलने वाला सिलेंडर मार्केट में 2000 का ब्लैक में मिल रहा है। लोग मजबूरी में 2000 रुपये में सिलेंडर खरीद रहे हैं। क्योंकि गैस एजेंसीज में 10-10 दिन पहले की बुकिंग के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं।
बता दें कि इस युद्ध के चलते वैश्विक ऊर्जा कीमतों में उछाल के बीच शनिवार को घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) की कीमत में 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 114.5 रुपये की भारी बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, सरकारी सूत्रों ने तुरंत स्पष्ट किया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की कोई योजना नहीं है, क्योंकि सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों के पास इस बोझ को सहने के लिए पर्याप्त वित्तीय क्षमता है।
संपादक की पसंद