दिल्ली के पॉश इलाके मालवीय नगर में दिनदहाड़े एक युवती की हत्या कर दी गई। मालवीय नगर में अरबिंदो कॉलेज के पास शख्स ने रॉड से हमला कर युवती की हत्या कर दी। हमले में युवती की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक छात्रा की पहचान नरगिस के रूप में हुई है। छात्रा की हत्या मामले में पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। आरोपी युवक से पूछताछ की जा रही है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि शादी से मना करने पर युवती की हत्या कर दी। आरोपी और छात्रा दोनों रिश्तेदार थे।
Related Stories
"छात्रा अपने दोस्त के साथ पार्क में आई थी"
डीसीपी साउथ चंदन चौधरी ने बताया कि हमें सूचना मिली कि दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर में अरबिंदो कॉलेज के पास एक 25 वर्षीय युवती का शव मिला है। उसके शव के पास एक लोहे की रॉड मिली। शुरुआती जांच के मुताबिक, युवती पर रॉड से हमला किया गया है। उन्होंने कहा, "घटना पार्क के अंदर हुई। मृतक एक कॉलेज छात्रा है। वह अपने दोस्त के साथ पार्क में आई थी। मृतक के सिर पर चोटें हैं। हम मामले की जांच कर रहे हैं।"

छात्रा के परिवार ने शादी से कर दिया था इनकार
आरोपी की पहचान संगम विहार में रहने वाले 28 वर्षीय इरफान पुत्र ईसा खान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि छात्रा के परिवार ने उनकी शादी से इनकार कर दिया था। इसके बाद छात्रा ने उससे बात करना बंद कर दिया था। इस इनकार से युवक परेशान हो गया। छात्रा ने इसी साल कमला नेहरू कॉलेज से ग्रेजुएशन पूरा किया और मालवीय नगर इलाके से स्टेनो की कोचिंग कर रही थी।
डाबरी इलाके में महिला की गोली मारकर हत्या
इससे पहले दिल्ली के डाबरी इलाके में गुरुवार को एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामले की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। हालांकि, आरोपी की पहचान करने के बाद पुलिस जब आरोपी को पकड़ने के लिए उसके घर पहुंची तो आरोपी ने सुसाइड कर लिया। आरोपी ने देसी कट्टे से खुद को गोली मार ली।