नई दिल्ली: दिल्ली के इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन पर शनिवार शाम एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब लेडीज़ वॉशरूम के अंदर एक पुरुष का शव बरामद किया गया। इस घटना के बाद स्टेशन परिसर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 5:33 बजे थाना NSP मेट्रो को PCR कॉल के जरिए सूचना मिली कि सुलभ शौचालय परिसर के लेडीज़ टॉयलेट का दरवाजा अंदर से बंद है और वहां से तेज बदबू आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। हालात को देखते हुए पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
Related Stories
अज्ञात व्यक्ति का शव फंदे से लटका हुआ मिला
अंदर पहुंचने पर पुलिस को करीब 40 साल के एक अज्ञात व्यक्ति का शव फंदे से लटका हुआ मिला। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक उसी शौचालय का केयरटेकर था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह पिछले 2 दिनों से दिखाई नहीं दे रहा था। इसी आधार पर आशंका जताई जा रही है कि घटना कम से कम 2 दिन पहले ही हुई होगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर क्राइम टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी सबूत जुटाए।
मोर्चरी में 72 घंटे के लिए सुरक्षित रखवाया गया शव
बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बीएसए अस्पताल की मोर्चरी में 72 घंटे के लिए सुरक्षित रखवा दिया है, ताकि उसकी पहचान की जा सके। फिलहाल मेट्रो के अधिकारियों की मदद से मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में धारा 194 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है और हर एंगल से जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।