1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. अरविंद केजरीवाल की जमानत पर सुनीता केजरीवाल का पहला रिएक्शन, जानिए क्या कहा

अरविंद केजरीवाल की जमानत पर सुनीता केजरीवाल का पहला रिएक्शन, जानिए क्या कहा

 Reported By: Bhaskar Mishra Edited By: Niraj Kumar
 Published : May 10, 2024 04:28 pm IST,  Updated : May 10, 2024 05:00 pm IST

अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद आम आदमी पार्टी में खुशी की लहर दौड़ गई है। वहीं अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल का पहला रिएक्शन भी सामने आया है।

Arvind Kejriwal, Sunita Kejriwal- India TV Hindi
अरविंद केजरीवाल और सुनीता केजरीवाल Image Source : FILE

नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से मिली अंतरिम जमानत पर उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल का पहला रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसे लोकतंत्र की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि यह लाखों करोड़ों लोगों की दुआओं और आशीर्वाद का फल है।

ये लोकतंत्र की जीत है-सुनीता केजरीवाल

सुनीता केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट किया-हनुमान जी की जय.. ये लोकतंत्र की जीत है। लाखों - करोड़ों लोगों की दुआओं और आशीर्वाद का फल है। सभी को कोटि कोटि धन्यवाद।

एक जून तक के लिए मिली अंतरिम जमानत

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली की सीएम अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने केजरीवाल को एक जून के तक के लिए अंतरिम जमानत दे दी है। अब उन्हें दो जून को सरेंडर करना होगा। केजरीवाल को अंतरिम जमानत मिलने की खबर से आम आदमी पार्टी में खुशी की लहर दौड़ गई है। अरविंद केजरीवाल तिहाड़ जेल से बाहर आने के बाद लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार कर पाएंगे।

जमानत मिलना किसी चमत्कार से कम नहीं:सौरभ भारद्वाज

आम आदमी पार्टी के दफ्तर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आप नेता एवं दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने अंतरिम जमानत को केजरीवाल के लिए भगवान हनुमान का आशीर्वाद बताया। भारद्वाज ने कहा, "केजरीवाल को 40 दिन बाद अंतरिम जमानत मिलना किसी चमत्कार से कम नहीं है। यह दैवीय संकेत भी है कि देश में मौजूदा हालात बदलने वाले हैं। उनकी रिहाई से देश में बड़े बदलावों का मार्ग प्रशस्त होगा।" पार्टी की दिल्ली इकाई के संयोजक गोपाल राय ने कहा कि देश में लोकतंत्र से प्यार करने वाले सभी लोग शीर्ष अदालत के फैसले से बहुत खुश हैं और यह उनके लिए आशा की किरण है। उन्होंने कहा, "शीर्ष अदालत के फैसले ने न केवल केजरीवाल को अंतरिम जमानत प्रदान की है, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की जीत भी सुनिश्चित की है।" 

सच्चाई और लोकतंत्र की जीत :आतिशी 

आप नेता और दिल्ली की मंत्री आतिशी ने शीर्ष अदालत के फैसले को देश में सच्चाई तथा लोकतंत्र की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह फैसला लोकतंत्र को बचाएगा और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराएगा। आतिशी ने कहा, "मैं लोगों से अपील करना चाहती हूं कि वोट की ताकत से लोकतंत्र को बचाने और देश में तानाशाही को बदलने का यह आखिरी मौका है।" पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में, कहा, "सत्य परेशान हो सकता है लेकिन पराजित नहीं। माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्णय है स्वागत है। तानाशाही खत्म होगी। सत्यमेव जयते।'' 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।