दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन में तकनीकी खराबी का मामला सामने आया है। तकनीकी खराबी की वजह से दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन पर ट्रेनें देरी से चल रही हैं। जानकारी के मुताबिक आनंद विहार और वैशाली मेट्रो स्टेशन के बीच तकनीकी खराबी आई है। यात्रियों, खासकर ऑफिस से लौट रहे लोगों को काफी देरी और भीड़-भाड़ का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने इस परेशानी के कारण सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी भी जाहिर की।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी। पोस्ट में डीएमआरसी ने कहा, "आनंद विहार और वैशाली के बीच तकनीकी खराबी के कारण ब्लू लाइन पर ट्रेन सेवाओं में देरी हुई है। बाकी सभी लाइनों पर सेवाएं सामान्य हैं।" इस घटना पर अपडेट देते हुए DMRC ने एक अन्य पोस्ट में कहा, "OHE की समस्या के कारण आनंद विहार से वैशाली के बीच अभी ट्रेन सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं। इसे ठीक करने का काम चल रहा है।"
येलो लाइन पर देरी
इससे पहले 16 जून को, जोर बाग मेट्रो स्टेशन पर एक यात्री के पटरियों पर होने की सूचना मिलने के बाद दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन पर ट्रेन सेवाएं बाधित हो गईं, जिससे गुरुग्राम की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी हुई। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने एक पोस्ट के माध्यम से यात्रियों को इस व्यवधान की जानकारी दी। इसमें कहा गया कि जोर बाग स्टेशन पर हुई घटना के कारण समयपुर बादली से मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम की ओर जाने वाली ट्रेनों में देरी हो रही है। डीएमआरसी के अनुसार, यह व्यवधान केवल इसी दिशा में चलने वाली ट्रेनों तक सीमित था, जबकि दिल्ली मेट्रो की अन्य सभी लाइनों पर सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं।
पटेल चौक स्टेशन पर खोला गया दिल्ली रिज इंटरप्रिटेशन सेंटर
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने आज पटेल चौक मेट्रो स्टेशन पर दिल्ली रिज इंटरप्रिटेशन सेंटर (DRIC) खोला। यह सेंटर दिल्ली रिज की खास इकोलॉजिकल खूबियों को दिखाने के लिए बनाया गया है, जिसे अक्सर शहर का "हरा फेफड़ा" कहा जाता है, और इसके जरूरी पर्यावरणीय गुणों के बारे में लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए भी इसे शुरू किया गया है।
केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के तहत सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी के चेयरमैन चंद्र प्रकाश गोयल इस मौके पर मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। GNCTD के वन और वन्यजीव विभाग के मुख्य वन संरक्षक, डॉ. पी. विश्वकन्नन विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद थे। DMRC के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. विकास कुमार भी इस मौके पर मौजूद थे।
यह भी पढ़ें-
पाकिस्तान से सटे इलाकों में गरजा बुलडोजर, कांडला पोर्ट के पास कई अवैध निर्माण ध्वस्त