1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. ‘अपनी बारी’ का इंतजार किए बिना बाल्टी में भर लिया पानी, दोस्तों ने गला घोंटकर मार डाला

‘अपनी बारी’ का इंतजार किए बिना बाल्टी में भर लिया पानी, दोस्तों ने गला घोंटकर मार डाला

 Published : Jan 19, 2024 11:18 am IST,  Updated : Jan 19, 2024 11:18 am IST

दिल्ली में हुई एक हैरान कर देने वाली घटना में दो दोस्तों ने सिर्फ इसलिए अपने साथी की हत्या कर दी कि उसने अपनी बारी का इंतजार किए बिना बाल्टी में पानी भर लिया था।

Bucket Murder, Water Bucket Murder, Delhi Murder Case, Murder Case Delhi- India TV Hindi
पानी भरने को लेकर हुई हत्या की वारदात से पूरे इलाके में सनसनी है। Image Source : REPRESENTATIONAL IMAGE

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में पानी की एक बाल्टी भरने के चक्कर में एक मजदूर की जान चली गई। पानी भरने को लेकर हुए विवाद में मजदूर के अपने ही साथियों ने कथित तौर पर गला घोंटकर उसकी जान ले ली। घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने गुरुवार को बताया कि पानी की बाल्टी भरने की 'अपनी बारी' से इनकार करने को लेकर हुए झगड़े के बाद 2 लोगों ने अपने ही साथी की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले की छानबीन के बाद वारदात में शामिल दोनों आरोपियों को पकड़ लिया है।

‘हत्या को दे दिया था आत्महत्या का रूप’

घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने मामले को आत्महत्या का रूप देकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश की थी। उसने कहा कि आरोपियों में एक नाबालिग है और उसे उत्तर प्रदेश के हरदोई से पकड़ लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना देने वाले व्यक्ति के बयान को सुनकर शुरुआत में ऐसा लग रहा था कि मजदूर ने आत्महत्या की है। पुलिस ने बताया, ‘डॉक्टरों ने बाद में पुलिस को जानकारी दी कि मृतक की गर्दन पर कुछ निशान थे और उसकी गला घोंटकर हत्या की गई थी।’

पुलिस ने IPC की धाराओं में केस किया दर्ज

मारे गए शख्स की पहचान रचित के रूप में हुई है और वह मजदूरी किया करता था। पुलिस ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या), 201 (अपराध के सबूतों को गायब करना) और 34 (सामान्य इरादे) के तहत 16 जनवरी को इस मामले में एक FIR दर्ज की गई थी। उसने बताया कि सारी बातें साफ हो जाने के बाद हत्या की वारदात में शामिल किशोर को पकड़ लिया गया जबकि 27 साल के दूसरे आरोपी अभयकांत मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि हत्या की इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।