1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में यमुना का जलस्तर रिकॉर्ड 207.83 मीटर पहुंचा, ले. गवर्नर ने बुलाई डीडीएमए की बैठक

दिल्ली में यमुना का जलस्तर रिकॉर्ड 207.83 मीटर पहुंचा, ले. गवर्नर ने बुलाई डीडीएमए की बैठक

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : Jul 12, 2023 09:13 pm IST,  Updated : Jul 13, 2023 12:01 am IST

दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर रिकॉर्ड 207.83 मीटर तक पहुंच गया है। इस बीच ले. गवर्नर ने हालात की समीक्षा के लिए कल डीडीएमए की बैठक बुलाई है।

दिल्ली में बाढ़- India TV Hindi
दिल्ली में बाढ़ Image Source : पीटीआई

नई दिल्ली: उत्तर भारत में हुई तेज बारिश और हथिनीकुंड डैम से पानी छोड़े जाने की वजह राजधानी दिल्ली पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। यमुना के तटवर्ती इलाकों से लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा जा रहा है। इस बीच दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने यमुना के बढ़ते जलस्तर को लेकर बृहस्पतिवार को दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की बैठक बुलाई है। इस बैठक में सीएम अरविंद केजरीवाल भी शामिल होंगे।

उपराज्यपार सक्सेना ने यमुना नदी का निरीक्षण करते हुए संवाददाताओं से कहा कि एनडीआरएफ के कर्मियों को तैनात किया गया है और निचले इलाकों में रहने वाले सभी लोगों को निकाला जाएगा। यमुना नदी का जलस्तर बुधवार को बढ़कर 207. 83 मीटर पर पहुंच गया। सक्सेना ने उम्मीद जतायी कि अगले कुछ दिनों में यमुना का जलस्तर कम हो जाएगा क्योंकि हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़ा जाना कम हो गया है। 

संवेदनशील इलाकों में धारा 144 लागू

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना नदी के आसपास के इलाकों में बने मकान और बाजारों में पानी घुसने के कारण हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। बाढ़ जैसे हालात के मद्देनजर, दिल्ली पुलिस ने एहतियात के तौर पर राष्ट्रीय राजधानी के बाढ़ के लिहाज से संवेदनशील इलाकों में बुधवार को धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी। इस धारा के तहत चार से अधिक लोगों के एक ही स्थान पर एकत्रित होने पर रोक होती है। 

 जल स्तर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुचने के बाद, केजरीवाल ने केंद्र सरकार से यह सुनिश्चित करने के लिए हस्तक्षेप करने का आग्रह किया कि यमुना का जलस्तर और न बढ़े। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लिखे पत्र में, केजरीवाल ने अनुरोध किया कि "यदि संभव हो तो हरियाणा में हथिनीकुंड बैराज से पानी सीमित गति में छोड़ा जाए।"  यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से आईटीओ के पास स्थित दिल्ली परिवहन निगम मुख्यालय में जलजमाव हो गया। वहीं इसके कर्मचारियों को कार्यालय आने के लिए पानी से होकर आना पड़ा।

बाढ़ प्रभावित इलाकों से लोगों को बाहर निकाला जा रहा है-आतिशी

राजस्व मंत्री आतिशी ने कहा कि दिल्ली सरकार नदी के तटबंधों को मजबूत कर रही है और लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाकों से बाहर निकाल रही है। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने एक सलाह जारी करके लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा और निचले इलाकों में जाने को लेकर आगाह किया। प्राधिकरण द्वारा जारी सलाह में कहा गया है कि यमुना नदी में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं, इसलिए लोगों को बिजली के तारों से दूर रहना चाहिए और किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1077 पर संपर्क करना चाहिए। दिल्ली के जलमंत्री सौरभ भारद्धाज ने संवाददाताओं को बताया कि दिल्ली सरकार स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, ‘‘हम हालात पर नजर रख रहे हैं और सभी संभव कदम उठाए जा रहे हैं।’’ (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।