1. Hindi News
  2. एजुकेशन
  3. Pariksha Pe Charcha: एग्जाम के दौरान क्या खाना-पीना चाहिए? न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स ने बताईं जरूरी बातें

Pariksha Pe Charcha: एग्जाम के दौरान क्या खाना-पीना चाहिए? न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स ने बताईं जरूरी बातें

 Published : Feb 14, 2025 04:01 pm IST,  Updated : Feb 14, 2025 04:02 pm IST

प्रधानमंत्री मोदी के 'परीक्षा पे चर्चा' कार्यक्रम में न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स ने स्वस्थ आहार, नींद और तनाव प्रबंधन के टिप्स दिए। इस बार कार्यक्रम में फॉर्मेट में प्रधानमंत्री ने कुछ बदलाव किए हैं।

Pariksha Pe Charcha, Prime Minister Modi, Exam stress, Nutrition experts- India TV Hindi
‘परीक्षा पे चर्चा’ के ताजा एपिसोड में बातचीत करते न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स। Image Source : YOUTUBE.COM/@NARENDRAMODI

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया ‘परीक्षा पे चर्चा’ एपिसोड में टॉप के न्यूट्रिशन एक्सपर्टस ने स्कूली छात्रों को पर्याप्त नींद लेने, घर का बना खाना खाने और तनाव से बचने के लिए ज्यादा खाने से परहेज करने जैसे मंत्र दिए। न्यूट्रिशन एवं हेल्थ एक्सपर्ट्स शोनाली सभरवाल, रुजुता दिवेकर और रेवंत हिमतसिंगका ने ‘परीक्षा पे चर्चा’ के एक स्पेशल सेशन के दौरान हेल्दी डाइट की आदतों के महत्व और पढ़ाई में कामयाबी हासिल करने में सफलता में अच्छी नींद के रोल के बारे में बताया।

इस बार 'परीक्षा पे चर्चा' के कार्यक्रम में हुए हैं ये बदलाव

प्रधानमंत्री मोदी ने इस बार 'परीक्षा पे चर्चा' के कार्यक्रम में कुछ बदलाव किए हैं। उन्होंने इस बार ज्यादा अनौपचारिक तरीके से बात करने पर जोर दिया और चर्चा के लिए दिल्ली की सुंदर नर्सरी में कार्यक्रम रखा। इस बार कई मशहूर लोगों जैसे कि मुक्केबाज एम. सी. मैरी कॉम और आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु जग्गी वासुदेव ने अपने जीवन के अनुभव और सीखने से जुड़ी बातें साझा की। एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण ने भी डिप्रेशन से अपनी लड़ाई के बारे में खुलकर बताया और तनाव को कम करने के तरीके शेयर किए।

‘घर का बना खाना तनाव कम करने के लिए सबसे अच्छा’

मैक्रोबायोटिक न्यूट्रिशनिस्ट और लेखक सभरवाल ने कहा, ‘घर का बना खाना तनाव कम करने के लिए सबसे अच्छा होता है। आहार में बाजरा और ब्राउन राइस शामिल किया जा सकता है। संतुलित भोजन करना चाहिए। बाजरा लगभग 8 घंटे तक पेट को भरा रख सकता है।’ वहीं, दिवेकर ने कहा कि परीक्षा के दौरान उन चीजों को खाना ठीक है, जिनसे आप अच्छा महसूस करते हैं, लेकिन तनाव से निपटने के लिए उन्होंने ज्यादा खाने से बचने का सुझाव दिया। उन्होंने खासकर जंक फूड, प्रोसेस्ड फूड और ज्यादा चीनी से बचने की सलाह दी।

हिमतसिंगका ने 'लेबल पढ़ेगा इंडिया' के बारे में दी जानकारी

हिमतसिंगका ने 'लेबल पढ़ेगा इंडिया' पहल के बारे में कहा कि इसका उद्देश्य यह जानना है कि लोग किन चीजों का उपभोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘अगर भारत में हर व्यक्ति लेबल पढ़ना शुरू कर दे, तो उन्हें पता चलेगा कि वे क्या खा रहे हैं। मेरा लक्ष्य अगले 5 वर्षों में स्कूली पाठ्यक्रम में स्वास्थ्य को शामिल कराना है।’ बता दें कि 'परीक्षा पे चर्चा' एक वार्षिक कार्यक्रम है, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी बोर्ड परीक्षा में बैठने वाले छात्रों से बातचीत करते हैं। इस दौरान वह छात्रों के परीक्षा के तनाव और अन्य मुद्दों से जुड़े सवालों के जवाब भी देते हैं।

2018 में आयोजित हुआ था ‘परीक्षा पे चर्चा’ का पहला संस्करण

परीक्षा पे चर्चा’ का पहला संस्करण 2018 में दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित किया गया था। इस खास कार्यक्रम का सातवां संस्करण भारत मंडपम में आयोजित किया गया था, जिसमें देश और विदेश के प्रतिभागियों ने भाग लिया था। मोदी ने सोमवार को सुंदर नर्सरी में छात्रों के साथ खुलकर किए संवाद में कई मुद्दों पर बात की, जिसमें लीडरशिप के बारे में सीख, ध्यान, एग्जाम वर्सेज नॉलेज, ‘काम करते समय एक बैट्समैन की तरह ध्यान केंद्रित करना’ और डर से नहीं बल्कि बुद्धिमानी से टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करना जैसे विषय शामिल थे। (भाषा)

यहां देखें ‘परीक्षा पे चर्चा’ में न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स के द्वारा दिए गए टिप्स

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। एजुकेशन से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।