1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. बिहार विधान सभा चुनाव 2020
  4. बिहार चुनाव: 'बाबू साहब' के बयान पर घिरे तेजस्वी यादव, अब दे रहे सफाई

बिहार चुनाव: 'बाबू साहब' के बयान पर घिरे तेजस्वी यादव, अब दे रहे सफाई

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 27, 2020 09:33 pm IST,  Updated : Oct 27, 2020 09:33 pm IST

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए प्रचार के आखिरी दिन महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मतदान से महज एक दिन पहले सवर्णों को लेकर बड़ी बात कह दी जिससे विवाद उत्पन्न हो गया। हालांकि मंगलवार को अपने बयान को लेकर तेजस्वी ने सफाई दी है।

Tejashwi Yadav in damage control over 'Babu Saheb’ remark- India TV Hindi
Tejashwi Yadav in damage control over 'Babu Saheb’ remark Image Source : PTI

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए प्रचार के आखिरी दिन महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मतदान से महज एक दिन पहले सवर्णों को लेकर बड़ी बात कह दी जिससे विवाद उत्पन्न हो गया। हालांकि मंगलवार को अपने बयान को लेकर तेजस्वी ने सफाई दी है। तेजस्वी ने रोहतास में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा, "जब लालू प्रसाद का राज था, तो गरीब सीना तान के 'बाबू साहब' के सामने चलते थे। हमारी सरकार आएगी तो हम सब लोगों को साथ लेकर चलेंगे। जो अपराध करेगा उसे सजा मिलेगी, जो कर्मचारी काम करेंगे, उन्हें सम्मान मिलेगा।"

Related Stories

तेजस्वी के इस बयान के आने के बाद ही विरोधियों ने राजद को आड़े हाथों लेते हुए महागठबंधन पर निशाना साधा है। भाजपा के नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने इस बयान को बाबू साहब यानी राजपूतों का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि यह वही राजद है जिसने रघुवंश बाबू को अपमानित करने का काम किया। उन्होंने कहा कि जब नरेंद्र मोदी की सरकार ने ऊंची जाति के निर्धन लोगों को 10 दस प्रतिशत आरक्षण दिया था तो अकेले राजद ने इसका विरोध किया।

इधर, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि तेजस्वी अब अपने पिता की भाषा बोलने लगे हैं। गिरिराज ने कहा कि बिहार चुनाव में तेजस्वी गरीबों में भय पैदा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने कभी 'भूरे बाल साफ करो' जैसा बयान दिया था। अब वे 'बाबू साहब' कह रहे हैं। इधर, जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि राजद ने रघुवंश प्रसाद सिंह का भी अपमान किया था। तेजस्वी लालू की तरह समाज को बांट रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजद की सोच जगजाहिर है।

इस बयान को लेकर घिरे तेजस्वी यादव ने मंगलवार को इस पर सफाई दी। तेजस्वी ने कहा, "मैंने किसी जाति विशेष पर नहीं बल्कि निचले स्तर से लेकर सचिवालय तक भ्रष्टाचार में लिप्त बड़का बाबू, छोटका बाबू पर सवाल उठाया था।" तेजस्वी ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा, "विरोधी मुद्दे से भटकाना चाह रहे हैं। मैं जानता था कि वे ऐसा करेंगे। सुशासन बाबू, एसडीओ बाबू, बड़का बाबू, छोटका बाबू कौन है। यदि आप ब्लॉक या थाना पर जाएंगे तो बिना चढ़ावे के कोई काम नहीं होता।" उन्होंने कहा कि विरोधी हताशा के कारण इसे मुद्दा बना रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bihar Vidhan Sabha Chunav 2020 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024