रांची। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे दौर के मतदान से पहले मंगलवार को खूंटी और जमशेदपुर में दो चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। भाजपा प्रवक्ता शिव पूजन पाठक ने सोमवार को यहां बताया कि प्रधानमंत्री की पहली सभा खूंटी में सुबह लगभग 11 बजे आयोजित होगी जिसके बाद वह अपराह्र लगभग एक बजे जमशेदपुर में दूसरी चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
Related Stories
जमशेदपुर में खुद मुख्यमंत्री रघुवर दास जमशेदपुर पूर्वी सीट से उम्मीदवार हैं जिन्हें उन्हीं के मंत्रिमंडल के सदस्य रहे सरयू राय भ्रष्टाचार के मुद्दों पर चुनौती दे रहे हैं। जबकि खूंटी से भाजपा ने रघुवर दास मंत्रिमंडल में मंत्री रहे नीलकंठ सिंह मुंडा को एक बार फिर अपना उम्मीदवार बनाया है।
झारखंड विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण से पहले भी प्रधानमंत्री मोदी ने 25 नवंबर को दो बड़ी चुनावी सभाएं की थी। इस दौरान प्रधानमंत्री ने डाल्टनगंज और गुमला में चुनावी सभाओं को संबोधित किया था। झारखंड में पांच चरणों में कुल 81 सीटों के लिए चुनाव हो रहा हैं। पहले चरण के लिए 13 सीटों पर 30 नवंबर को मतदान हुआ था जबकि दूसरे चरण में सात दिसंबर को, तीसरे चरण के लिए 12 दिसंबर को, चौथे चरण के लिए 16 दिसंबर को और पांचवें एवं अंतिम चरण के लिए 20 दिसंबर को मतदान होगा। मतगणना 23 दिसंबर को की जाएगी।