छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में गुरूवार को कांकेर, राजनांदगांव और महासमुंद लोकसभा क्षेत्रों में मतदान चल रहा है। राज्य के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मतदान को देखते हुए सुरक्षा के कड़े उपाए किए गए हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सरकार ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। तीन सीटों पर 60 हजार केंद्रीय और राज्य पुलिस बल को तैनात किया गया है। वहीं 80 अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में पोलिंग टीम को हेलीकॉप्टर से रवाना किया गया है।
Related Stories
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लोकसभा क्षेत्रों में मतदान को देखते हुए सुरक्षा बल के लगभग 60 हजार जवानों को तैनात किया गया है। वहीं क्षेत्र में ड्रोन से भी नजर रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि कांकेर और राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार गस्त जारी है। इन क्षेत्रों के लगभग 80 मतदान दलों को हेलीकाप्टर से रवाना किया गया है। राज्य के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नक्सलियों ने चुनाव बहिष्कार की घोषणा की है। इस महीने की चार तारीख को नकसलियों ने कांकेर जिले में सुरक्षा बलों पर गोलीबारी की थी जिसमें सीमा सुरक्षा बल के चार जवानों की मृत्यु हो गई थी।
Lok Sabha 2019: दूसरे चरण में मोदी सरकार के 4 मंत्री, 1 पूर्व पीएम, 3 पूर्व सीएम सहित इन दिग्गजों की किस्मत दांव पर
3 सीटों पर 36 उम्मीदवार मैदान में
राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि लोकसभा निर्वाचन-2019 के अंतर्गत दूसरे चरण में छत्तीसगढ़ के तीन लोकसभा क्षेत्रों कांकेर, राजनांदगांव और महासमुंद के कुल 49 लाख सात हजार 489 मतदाता आज अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इन क्षेत्रों में 36 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने बताया कि इनमें कांकेर लोकसभा के 15 लाख 54 हजार 995, राजनांदगांव के 17 लाख 15 हजार 492 और महासमुंद लोकसभा के 16 लाख 37 हजार दो मतदाता शामिल हैं।
6000 मतदान केंद्रों पर होगी वोटिंग
तीनों लोकसभा क्षेत्रों में मतदान के लिए कुल छह हजार 484 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। कांकेर में 2022, राजनांदगांव में 2322 तथा महासमुंद में 2140 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। कांकेर लोकसभा से नौ, महासमुंद से 13 और राजनांदगांव से 14 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। अधिकारी ने बताया कि तीनों लोकसभा क्षेत्रों में 36 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं लेकिन मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच है।
ये चहरे मैदान में
राजनांदगांव क्षेत्र में भाजपा की ओर से संतोष पांडेय और कांग्रेस की ओर से भोलाराम साहू, कांकेर में भाजपा की ओर से मोहन मंडावी और कांग्रेस की ओर से बीरेश ठाकुर और महासमुंद लोकसभा सीट में भाजपा की ओर से चुन्नीलाल साहू और कांग्रेस की ओर से धनेंद्र साहू के मध्य मुकाबला है।
तीन चरणों में होगा मतदान
छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों के लिए चुनाव आयोग ने तीन चरणों में मतदान का फैसला किया है। पहले चरण में 11 अप्रैल को बस्तर लोकसभा सीट के लिए मतदान संपन्न हुआ है। वहीं दूसरे चरण में 18 अप्रैल को कांकेर, राजनांदगांव और महासमुंद लोकसभा सीट के लिए तथा तीसरे चरण में 23 अप्रैल को रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर चांपा, दुर्ग और सरगुजा लोकसभा सीट के लिए मतदान होगा।