नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा ने विवादित बयान दिया है। मनोज सिन्हा ने कहा है कि अगर गाजीपुर में किसी अपराधी ने बीजेपी कार्यकर्ता को उंगली दिखाई तो उसकी उंगली 4 घंटे में तोड़ दी जाएगी, आंख दिखाई तो आंख भी सही सलामत नहीं बचेगी। बता दें मनोज सिन्हा उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से बीजेपी उम्मीदवार हैं और उनका मुकाबला माफिया मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल अंसारी से है।
Related Stories
मनोज सिन्हा ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता अपराधियों और भ्रष्टाचारियों को ज़मीदोज करने के लिए तैयार है और मैं कहना चाहता हूं कि अगर किसी की ऊंगुली भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता की तरफ दिखी तो भरोसा रखिए चार घंटे में वो उंगली सलामत नहीं रहेगी।“
उन्होंने आगे कहा, “ये मैं आपको भरोसा देना चाहता हूं और इतनी ही बात कहता हूं। कोई हो पूर्वांचल के अपराधी किसी की औकात नहीं है गाजीपुर की सीमा में आकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता को आंख दिखाए। अगर वो आंख दिखाएगा तो उसकी आंख सलामत नहीं रहेगी।“ यह बातें मनोज सिन्हा ने गाजीपुर के सैदपुर नगर के टाउन नेशनल इंटर कॉलेज में कही थी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता किसी भी प्रकार की नकारात्मक व हल्की बातें न करें। पार्टी द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी रखें और आम जनता के बीच में उनको बताएं। अपराध और भ्रष्टाचार के धन पर राजनीति करने वाले लोगों को देश की जनता और भाजपा कार्यकर्ता धुल चटा कर रहेंगे।
बता दें, गाजीपुर से सपा-बसपा-रालोद महागठबंधन की ओर से बाहुबली मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल अंसारी मैदान में हैं। अफजाल 2004 में इस सीट से जीत चुके हैं। इस बार मनोज सिन्हा और अफजाल के बीच कड़ा मुकाबला है।