1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. नागालैंड विधानसभा चुनाव 2018
  4. राजभवन के बाहर शपथ लेने वाले नगालैंड के पहले मुख्यमंत्री होंगे नेफ्यू रियो

राजभवन के बाहर शपथ लेने वाले नगालैंड के पहले मुख्यमंत्री होंगे नेफ्यू रियो

 Reported By: Bhasha
 Published : Mar 07, 2018 08:58 pm IST,  Updated : Mar 07, 2018 08:59 pm IST

शपथ-ग्रहण समारोह का स्थल इस मायने में भी महत्वपूर्ण है कि एक दिसंबर, 1963 को यहीं से तत्कालीन राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने नगालैंड राज्य के गठन की घोषणा की थी...

Neiphiu Rio- India TV Hindi
Neiphiu Rio

कोहिमा: नगालैंड में नवनिर्वाचित सरकार के मुख्यमंत्री और मंत्री कल कोहिमा लोकल ग्राउंड में शपथ लेंगे। यह पहला मौका होगा जब नगालैंड में मुख्यमंत्री और उनके सहयोगी इस तरह से सार्वजनिक रूप से शपथ ग्रहण करेंगे।

शपथ-ग्रहण समारोह का स्थल इस मायने में भी महत्वपूर्ण है कि एक दिसंबर, 1963 को यहीं से तत्कालीन राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने नगालैंड राज्य के गठन की घोषणा की थी। नेशनल डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (NDPP) हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा के साथ मिलकर इस पूर्वोत्तर राज्य की सत्ता संभालने जा रही है। गठबंधन ने एनडीपीपी के वरिष्ठ नेता नेफ्यू रियो को मुख्यमंत्री चुना है।

राज्यपाल पी बी आचार्य, रियो तथा 11 मंत्रियों को मैदान के मुख्य मंच से पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी मौजूद रहेंगे। यह जानकारी आज यहां आधिकारिक सूत्रों ने दी।

सूत्रों ने बताया कि राज्य सरकार ने सूचना और जनसंपर्क विभाग के माध्यम से अखबारों में विज्ञापन जारी कर राज्य की जनता को शपथ-ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया है।

अभी तक राज्य में शपथ-ग्रहण समारोह इतने बड़े स्तर पर आयोजित नहीं होता था और राज भवन के दरबार हॉल में मुख्यमंत्री तथा मंत्रिपरिषद को शपथ दिलाई जाती थी जिसमें वीवीआईपी, वीआईपी और शीर्ष नौकरशाह ही उपस्थित रहते थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Nagaland Assembly Election 2018 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024