1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. Haryana Panchayat Elections: जिला परिषद, पंचायत समितियों के चुनाव में 70 फीसदी से ज्यादा वोटिंग

Haryana Panchayat Elections: जिला परिषद, पंचायत समितियों के चुनाव में 70 फीसदी से ज्यादा वोटिंग

 Published : Oct 30, 2022 11:25 pm IST,  Updated : Oct 30, 2022 11:25 pm IST

हरियाणा में पंचायत चुनाव के पहले चरण में 9 जिलों में मतदान हुआ। यहां जिला परिषदों और पंचायत समितियों के सदस्यों के निर्वाचन के लिए चुनाव में भारी मतदान हुआ।

हरियाणा पंचायत चुनाव- India TV Hindi
हरियाणा पंचायत चुनाव Image Source : REPRESENTATIONAL IMAGE

हरियाणा में पंचायत चुनाव के पहले चरण में नौ जिलों में जिला परिषदों और पंचायत समितियों के सदस्यों के निर्वाचन के लिए रविवार को मतदान हुआ। इस चुनाव में 70 फीसदी से ज्यादा वोट पड़े। अधिकारियों जानकारी दी कि अंतिम आंकड़े आने पर मतदान प्रतिशत और बढ़ने की संभावना है। अधिकारियों ने बताया कि 9 जिलों - भिवानी, झज्जर, जींद, कैथल, महेंद्रगढ़, नूंह, पंचकूला, पानीपत और यमुनानगर के 61 ब्लॉक में पंचायत समिति के 1,278 सदस्यों और जिला परिषद के 175 सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान हुआ। 

किस जिले में कितने फीसदी वोट पड़े

अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण के चुनाव के लिए नौ जिलों में 49,67,092 मतदाता रजिस्टर्ड हैं। पहले चरण के लिए 6,019 मतदान केंद्र बनाए गए थे। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक चला। निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, पंचकुला में 77.8 फसीदी मतदान हुआ है जबकि यमुनानगर में 74.7 फीसदी, पानीपत में 71.8 फीसदी, नुंह में 71.9 फीसदी, भिवानी में 69.2 फीसदी, झज्जर में 66.2 फीसदी, जींद में 68.8 फीसदी, कैथल में 67.6 फीसदी और महेन्द्रगढ़ में 69.5 फीसदी वोट पड़े हैं। 

133 सरपंच और 17,158 पंचों निर्विरोध चुने गए
पहले चरण के तहत सरपंचों और पंचों के चुनाव के लिए मतदान दो नवंबर को होगा। हरियाणा राज्य निर्वाचन आयुक्त धनपत सिंह ने पहले कहा था कि दो नवंबर को होने वाले चुनाव के मद्देनजर राज्य के नौ जिलों में 133 सरपंचों और 17,158 पंचों को निर्विरोध चुन लिया गया है। सिंह ने बताया था कि पंचायत समितियों के लिए 56 उम्मीदवारों को सर्वसम्मति से चुन लिया गया है। पहले चरण में पंच, सरपंच और पंचायत समिति और जिला परिषद के सदस्यों के चुनाव के लिए 34,371 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 19,175 पुरुष और 15,196 महिलाएं शामिल हैं। कुल 6,220 ग्राम पंचायत, 143 पंचायत समितियां और 22 जिला परिषद हैं। 

बाकी बचे चरणों में कहां-कहां होगा मतदान
सरपंच और पंचों के चुनाव के नतीजों की घोषणा प्रत्येक चरण के मतदान के अंत में की जाएगी, जबकि जिला परिषदों और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के नतीजों की घोषणा सभी तीन चरणों के लिए 27 नवंबर को की जाएगी। दूसरे चरण के चुनाव में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान नौ नवंबर को और सरपंचों और पंचों के लिए मतदान 12 नवंबर को होगा। दूसरे चरण में अंबाला, चरखी दादरी, गुरुग्राम, करनाल, कुरुक्षेत्र, रेवाड़ी, रोहतक, सिरसा और सोनीपत जिलों में मतदान होगा। हिसार, पलवल, फरीदाबाद और फतेहाबाद में तीसरे एवं आखिरी चरण का चुनाव होगा। इन जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति के सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान 22 नवंबर, जबकि सरपंचों और पंचों के चुनाव के लिए मतदान 25 नवंबर को होगा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024