नई दिल्ली: अभिनेता आयुष्मान खुराना पिछले काफी दिनों से अपनी आगामी फिल्म 'मेरी प्यारी बिंदू' को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। इस फिल्म में वह एक बंगाली लेखक अभिमन्यु रॉय की भूमिका में नजर आने वाले हैं। फिल्म में वह बंगाली बाबू का किरदार निभाने को लेकर आयुष्मान खुराना ने कहा कि हिंदी फिल्मों में बंगाली किरदार निभाना मुश्किल नहीं है। यह बांग्ला फिल्म जैसा ही है। उन्होंने कहा, "यह ('मेरी प्यारी बिंदू') कॉमर्शियल हिंदी सिनेमा है, इसलिए इसमें बंगाली टोन थोड़ा कम है।"
इसे भी पढ़े:-
आयुष्मान ने कहा, "मैं फिल्म में अपने परिवार के साथ बांगला में बात करता हूं। हां, यहां कुछ व्यवहार, शब्दों को बोलने का तरीका है और इसमें पहने गए कपड़े प्राकृतिक हैं। बांग्ला फिल्म में बंगाली किरदार की तरह यह मुश्किल नहीं है। मैंने सिर्फ बारीकियों का ख्याल रखा है।"
अक्षय रॉय द्वारा के निर्देशन में बनी इस फिल्म के निमार्ता मनीष शर्मा हैं। 'मेरी प्यारी बिंदू' में आयुष्मान के साथ परिणीति चोपड़ा मुख्य भूमिका निभाती हुई नजर आएंगी। परी 2 साल के बाद इस फिल्म से बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं। फिल्म में परी के साथ काम करने को लेकर आयुष्मान भी काफी खुश हैं। उन्होंने कुछ वक्त पहले ही कहा था, "परिणिति एक अच्छी गायिका भी हैं। यह पहली बार है, जब मैं किसी अभिनेत्री और गायिका के साथ काम कर रहा हूं।" यह फिल्म अगले साल सिनेमाघरों में रिलीज होगी।