मुंबई में बॉलीवुड एक्ट्रेस ने सरेआम एक डायरेक्टर पर जमकर थप्पड़ बरसाए। एक्ट्रेस का आरोप है कि फिल्म में काम दिलाने के नाम पर उन्हें कॉम्प्रोमाइज़ करने को कहा जा रहा था। ये घटना रविवार की है। एक्ट्रेस ने बीच सड़क पर इस शख्स को थप्पड़ मारे और बाकायदा उसका वीडियो भी बना लिया जो वायरल हो गया है।
फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई FIR दर्ज नहीं कराई गई है।
बॉलीवुड में कास्टिंग काउच को लेकर अक़्सर ख़बरें आती रहती हैं। एक्ट्रेस अमन संधु का आरोप है कि दीपक मिश्रा नाम के व्यक्ति ने उन्हें काम के बदले डायरेक्टर और प्रोड्यूसर्स के साथ कंप्रोमाइज़ करने का ऑफर दिया था। इस शख़्स का एक एक क़बूनलामा कैमरे में क़ैद है। दरअसल दीपक मिश्रा नाम के इस शख़्स ने अमन संधु को 2-3 दिन पहले एक मूवी का काम करने का ऑफर दिया था लेकिन बदले में रखी एक ऐसी शर्त जिससे अमन आपा खो बैठी। इसके बाद तो ना सिर्फ़ अमन ने ऑफर ठुकरा दिया बल्कि दीपक नाम के इस शख़्स के होश भी ठिकाने लगा दिए।
दीपक को बेनक़ाब करने के लिए अमन ने उसे मिलने के लिए एक रेस्टोरेंट में बुलाया और कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया उसका डर्टी ऑफर। अमन के साथ मौजूद एक लड़की पूरी बातचीत का वीडियो बनाती रही। अमन ने ये दोनों वीडिया सोशल साइट पर अपलोड भी कर दिए जो देखते ही देखते वायरल हो गए।
अमन संधु नाम की ये एक्ट्रेस क्राइम पेट्रोल, सब टीवी के सीरियल गुपचुप और सीरियल नीली छतरी वाले के अलावा कुछ फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं।
कास्टिंग काउच का एक ऐसा बिज़नेस जहां कभी लड़की तो कभी लड़कों को इसके जाल में फंसना पड़ता है लेकिन अमन ने ऐसा नहीं किया बल्कि सबके सामने दीपक की पोल खोलकर रख दी। अमन संधु का ये क़दम उन लोगों के लिए एक हिम्मत ज़रूर होगा जो कास्टिंग काउच और काम के बदले कंप्रोमाइज जैसे ऑफर के बाद अपना मुंह नहीं खोल पाते।