नई दिल्ली: अक्षय कुमार, अभिषेक बच्चन के अभिनय से सजीं फिल्म हाउसफुल-3 को बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत मिली है। साजिद-फरहाद के निर्देशन में बनीं हाउसफुल-3 शुक्रवार को रिलीज हुई है, और पहले दिन ही फिल्म ने 15.23 करोड़ रुपए का बिजनेस बॉक्स ऑफिस पर कर लिया है। इस तरह से पहले दिन की कमाई के मामले में साल 2016 की दूसरी सबसे बेहतर फिल्म बन गई है। अक्षय कुमार के लिए हाउसफुल 3 कमाई के मामले में बेहद खास बन गई है क्योंकि अपने रिलीज के दिन ही पिछले 5 सालों में यह उनकी टॉप 4 फिल्मों में से एक बन गई है जिसने 15 करोड़ से अधिक का बिजनेस किया है।
फिल्म का कलेक्शन हाउसफुल 2, एयरलिफ्ट से बेहतर
हाउसफुल-3 का पहले दिन का कलेक्शन 15.23 करोड़ रहा है जो हाउसफुल-2 से बेहतर रहा है। इसी तरह अक्षय कुमार के अभिनय से सजीं एयरलिफ्ट 12.3 करोड़ से भी कमाई के मामले में यह फिल्म बेहतर रही है।
पहले वीकएंड में कर सकती है 50 करोड़ की कमाई
हाउसफुल- 3 के पहले दिन की कमाई का ट्रेंड देखने के बाद बॉलीवुड के फिल्म एक्सपर्ट तरण आदर्श ने इसे शानदार शुरुआत बताते हुए अनुमान लगाया है कि अपने पहले वीकएंड में यह फिल्म 50 करोड़ का व्यापार कर सकती है। साजिद नाडियाडवाला और इरोज फिल्म के बैनर तले बनीं हाउसफुल-3 को मिक्स रिव्यू मिले हैं, फिल्म में कॉमेडी का फुल डोज तो बताया गया है लेकिन कहानी के नाम पर कुछ खास नया पन नहीं है।
जानिए आखिर हाउसफुल-3 की पहले दिन की कमाई क्यों हैं अक्षय कुमार के लिए खास
हाउसफुल-3 ने जिस अंदाज में बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन शानदार 15.23 करोड़ की कमाई की है वह बेहतरीन मानी जा रही है,खासकर फिल्म स्टार अक्षय कुमार के लिए। दरअसल पिछले 5 साल और 6 माह में अक्षय कुमार की कुल 20 फिल्में रिलीज हुई हैं जिसमें से हाउसफुल-3 सहित कुल 4 फिल्में ऐसी रही है जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 15 करोड़ से अधिक की कमाई की है । हाउसफुल-3 के अलावा पहले दिन की कमाई के मामले में ‘सिंह इज ब्लिंग 20.67 करोड़ (2015 में), ब्रदर 15.2 करोड़ (2015 में) राउडी राठौर 15.1 करोड़ (2012 में) का बॉक्स ऑफिस पर कलेक्शन शानदार रहा है और ये अक्षय कुमार की बड़ी फिल्में साबित हुई है। इन फिल्मों के रिकार्ड को देखते हुए कहा जा सकता है कि हाउसफुल-3 भी बॉक्स ऑफिस पर कमाई के मामले में जबरदस्त रहेगी।



















