मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन को उनकी पिछले दिनों रिलीज हुई फिल्म ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ के लिए दर्शकों और समीक्षकों के बीच खूब सराहा गया है। उनकी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी जबरदस्त कमाई की। लेकिन अपनी इस फिल्म की सफलता के बाद अब कार्तिक अपनी अगली फिल्म को लेकर चर्चा में आ गए हैं। दरअसल हाल ही में खबर आई कि कार्तिक जल्द ही 'लुका छुपी' में नजर आने वाले हैं। इसके साथ ही कहा जा रहा है कि इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री कृति सेनन भी मुख्य किरदार निभाती हुई दिखाई देंगी।
Related Stories
कार्तिक और कृति अपनी फिल्म 'लुका छुपी' में काम करने को लेकर बहुत रोमांचित हैं। कार्तिक ने सोमवार को ट्वीट किया, "अगली फिल्म हैशटैगलुकाछुपी। बहुत ज्यादा रोमांचित।" आगामी फिल्म में कार्तिक मथुरा के रहने वाले एक टीवी रिपोर्टर की भूमिका निभाते हुए दिखाई देंगे। उनकी सह-कलाकार कृति सेनन ने ट्वीट किया, "'लुका छुपी'। इसके लिए बहुत ज्यादा रोमांचित हूं। मार्च 2019।"
फिल्म में वह एक ऐसी लड़की की भूमिका में हैं जो दिल्ली जाकर पढ़ाई करती है और फिर अपने गृहनगर लौट आती है। गौरतलब है कि यह पहली बार है जब कार्तिक और कृति किसी फिल्म में साथ नजर आ रहे हैं। बता दें कि मैडॉक फिल्मस के बैनर तले बन रही 'लुका छुपी' की शूटिंग अगस्त से शुरू होगी।