मुंबई: दक्षिण भारतीय फिल्मों के जाने माने अभिनेता राणा दग्गुबती ने पिछले साल रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म ‘बाहुबली’ से दुनियाभर में अपनी खास पहचान स्थापित कर दी है। इन दिनों वह इसके दूसरे भाग की शूटिंग में काफी व्यस्त हैं। इसके अलावा अब वह युद्ध आधारित फिल्म गाजी में एक ईमानदार कैप्टन की भूमिका में भी नजर आएंगे। निर्देशक संकल्प रेड्डी की यह फिल्म हिंदी, तेलुगू और तमिल तीन भाषाओं में डब की जाएगी।
इसे भी पढ़े:-
- 'बाहुबली 2' के फर्स्ट लुक के बाद जानें 'बाहुबली 1' के कुछ रोचक फैक्ट्स
- पहली बार इनके साथ काम करने को लेकर रोमांचित हैं राणा दग्गुबती
फिल्म 1971 में भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान घटी एक सच्ची घटना पर आधारित है, जिसमें एक पाकिस्तानी पनडुब्बी पीएनएस गाजी को आईएनएस राजपूत :डी141: ने डूबा दिया था। फिल्म के सिलसिले में बात करते हुए राणा ने कहा, “यह एक युद्ध पर बनी फिल्म है। मैं अभी फिल्म की डबिंग कर रहा हूं। हम इसे दिसंबर तक पूरा कर लेंगे। फिल्म में कई इफेक्ट इस्तेमाल किए गए हैं। यह काफी अच्छी बनी है।“ भारतीय नौसेना पर आधारित फिल्म को लेकर राणा दग्गुबती काफी उत्साहित हैं। यह भारत की पहली पनडुब्बी आधारित फिल्म है।
उन्होंने कहा, “मैं एक कैप्टन का किरदार निभा रहा हूं। वह है पनडुब्बी पर तैनात एक नौसेना अधिकारी का। यह असल में एक युद्ध आधारित फिल्म नहीं है, लेकिन इसकी कहानी काफी रोमांचक है। फिल्म एक सच्ची घटना पर आधारित है और मुझे इसके रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार है।“
यह फिल्म भारतीय पनडुब्बी एस21 के एक कार्यकारी नौसेन्य अधिकारी और उसके दल की कहानी है जो 18 दिन तक पानी के अंदर रहा था। ‘गाजी’ में राणा दग्गुबती के अलावा तापसी पन्नू और के के मेनन भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।
यह बतौर निर्देशक संकल्प की पहली फिल्म है। ऐसा कहा जा रहा है कि फिल्म आंशिक रूप से संकल्प की किताब ब्लू फिश पर आधारित है। यह अगले साल बड़े पर्दे पर रिलीज होगी।