1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. नहीं रहे 'चेन्नई एक्सप्रेस' के लेखक के. सुभाष

नहीं रहे 'चेन्नई एक्सप्रेस' के लेखक के. सुभाष

 Published : Nov 23, 2016 01:32 pm IST,  Updated : Nov 23, 2016 01:32 pm IST

तमिल भाषा में शानदार फिल्में बनाने वाले लेखक और निर्देशक के. सुभाष का बुधवार को निधन हो गया। उन्होंने शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण के अभिनय से सजी फिल्म 'चेन्नई एक्सप्रेस' की पटकथा भी लिखी थी।

subhash- India TV Hindi
subhash

चेन्नई: तमिल भाषा में शानदार फिल्में बनाने वाले लेखक और निर्देशक के. सुभाष का बुधवार को निधन हो गया। उन्होंने शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण के अभिनय से सजी फिल्म 'चेन्नई एक्सप्रेस' की पटकथा भी लिखी थी। सुभाष का निधन यहां के एसआरएम अस्पताल में हुआ। फिल्म उद्योग से जुड़े एक सूत्र ने बताया "उनकी किडनी (गुर्दा) फेल हो गई था और वह पिछले कुछ सालों से डायलिसिस पर थे और आज सुबह उनका निधन हो गया।" सुभाष ने मणिरत्नम के सहायक के रूप में 1987 की तमिल फिल्म 'नायागान' से शुरुआत की थी और एक साल बाद प्रभु अभिनीत 'कलियुगम' से बतौर निर्देशक शुरुआत की।

इसे भी पढ़े:- गौहर के साथ संबंधों की खबरों पर हर्षवर्धन ने ये क्या कह डाला

विजयकांत अभिनीत एक्शन फिल्म 'साथरियाना' की सफलता से उन्हें खूब लोकप्रियता मिली। उन्होंने लगभग 20 फिल्मों का निर्देशन किया। अजय देवगन, एशा देओल, अक्षय कुमार और लारा दत्ता अभिनीत 2005 में आई हिंदी एक्शन फिल्म 'इंसान' उनके निर्देशन में बनी आखिरी फिल्म है।

उन्होंने राजकुमार संतोषी के सहायक के रूप में भी कुछ फिल्मों में काम किया। लेखक के रूप में उन्होंने 'संडे', 'इंटरटेनमेंट' और 'हाउसफुल' जैसी हिंदी फिल्मों की पटकथा लिखी।

सुभाष को एक सज्जन और विनम्र व्यक्ति के रूप में याद करते हुए लेखक श्रीधर राघवन ने अपने ट्विटर पेज पर लिखा, "कई लोगों ने सुभाष की कहानियां व विचार लिए और इसके लिए उन्हें श्रेय या भुगतान भी नहीं दिया। इस पर वह हंसते हुए कहते थे 'हम नदी हैं। अगर कोई जरूरतमंद अपनी बाल्टी लेकर पानी भरने आता है तो उसे ऐसा करने दीजिए'।"

अभिनेत्री राधिका सरत कुमार ने लिखा कि उन्हें निर्देशक के. सुभाष के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। सुभाष का अंतिम संस्कार बुधवार को होगा।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन