मुंबई: निर्देशक शशांक खेतान आजकल अपनी फिल्म 'बद्रीनाथ की दुल्हनिया' की सफलता का जश्न मना रहे हैं। 'हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया' और 'बद्रीनाथ की दुल्हनिया' के हिट होने के बाद अब शशांक इस फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म बनाना चाहते हैं। उनका कहना है कि दर्शकों ने दोनों फिल्मों को अच्छी प्रतिक्रिया दी है, जिससे वह बेहद खुश हैं।
उन्होंने कहा, "हम दोनों फिल्मों को मिली प्रतिक्रिया से बेहद खुश हैं। हम बहुत उत्साहित हैं। फिल्म देखने के बाद दर्शक सिनेमाघरों से खुशी-खुशी निकल रहे हैं। मैं सच में इस श्रृंखला की तीसरी फिल्म बनाना चाहता हूं।"खेतान ने मंगलवार को यहां 'ट्रैप्ड' की स्क्रीनिंग के मौके पर ये बातें कही। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि '.. दुल्हनिया' श्रृंखला की तीसरी फिल्म की कहानी क्या होगी और इस पर कब काम शुरू किया जाएगा, इस बारे में फिलहाल कोई फैसला नहीं लिया गया है।
वरुण धवन तथा आलिया भट्ट अभिनीत 'बद्रीनाथ की दुल्हनिया' पिछले सप्ताह रिलीज हुई। लोगों ने इस फिल्म को काफी सराहा। मेट्रो सिटी के अलावा छोटे शहरों और सिंगल स्क्रीन्स में भी फिल्म अच्छी कमाई कर रही है। 47 लाख के बजट से बनी इस फिल्म ने महज 6 दिन में 68 करोड़ 23 लाख रुपये की कमाई कर ली है। उम्मीद की जा रही है कि दूसरे वीकेंड तक फिल्म 73 करोड़ की कमाई करके 'हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया' के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ देगी।
देखना दिलचस्प होगा कि क्या ये फिल्म 100 करोड़ का आंकड़ा पार करती है या नहीं। अगर ऐसा हुआ तो फिल्म सुपरहिट हो जाएगी। हालांकि अभी भी फिल्म हिट है।