नई दिल्ली: सुपरस्टार आमिर खान अपने मेहमानों को विदा होने के लिए एक खास संकेत देते हैं और यह तरीका उन्होंने अपने चाचा नासिर हुसैन से सीखा है। इस बॉलिवुड ऐक्टर ने कहा कि जब किसी को विदा करना होता है तो वह सीधे खड़े हो जाते हैं और मेहमानों से कहते हैं, आपसे मिलकर अच्छा लगा। ऐसा करने का मतलब होता है कि अलविदा। कृपया अब घर चले जाएं।
सिनेमा से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
उन्होंने नासिर की जीवनी (म्यूजिक, मस्ती, मॉडर्निटी: सिनेमा ऑफ नासिर हुसैन) के विमोचन के मौके पर कहा, ‘एक चीज मैंने उनसे सीखी और उसे आत्मसात किया। हम सब बच्चे उनके कमरे में बैठते थे और खाते-पीते थे। वह हमसे बहुत प्यार करते थे। लेकिन जब उनके सोने का समय होता तो वह जाने का संकेत देते हुए हमसे कहते थे कि तुम सबसे मिलकर बहुत अच्छा लगा। जब भी उन्हें लगता कि मेहमानों ने ज्यादा समय ले लिया तो वह ऐसा ही कहते थे।’
आमिर ने कहा, ‘मैं भी अपनी जिंदगी में अकसर ऐसा ही कहता हूं। जब भी मैं और किरण घर पर मेहमानों के साथ होते हैं और मुझे लगता कि अब बहुत हो गया, तो मैं कहता हूं, आप सब से मिलकर बहुत अच्छा लगा। जिसका मतलब है कि अलविदा। कृपया घर लौट जाएं।’ उनकी इस बात पर वहां मौजूद दर्शकों ने जमकर ठहाके लगाए।