नई दिल्ली: करण जौहर के निर्देशन में बनी हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘ऐ दिल है मुश्किल’ को दर्शकों के बीच काफी पसंद किया जा रहा है। इतना ही नहीं इसे फिल्मी हस्तियों के बीच खूब पसंद किया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ फिल्मकार विधु विनोद चोपड़ा को इस फिल्म को देखने में कोई दिलचस्पी नहीं है। '3 इडियट्स' और 'पीके' जैसी फिल्मों में 'मिस्टर परफेक्शनिस्ट' आमिर खान के साथ काम कर चुके विधु विनोद चोपड़ा ने करण की यह बहुचर्चित फिल्म अब तक नहीं देखी है और न ही इसे देखने में उनकी दिलचस्पी है।
इसे भी पढ़े:- 'शिवाय' की सायेशा को पसंद है करण जौहर की फिल्में
मराठी फिल्म 'व्हेंटिलेटर' की स्क्रीनिंग के मौके पर उन्होंने इस बारे में बात की। उनसे गायक मोहम्मद रफी के बेटे शाहिद रफी की उस शिकायत के बारे में पूछा गया था, जिसमें उन्होंने कहा है कि 'ऐ दिल है मुश्किल' के एक संवाद में उनके पिता का अपमान किया गया है। इस विवाद के बारे में पूछे जाने पर विधु विनोद चोपड़ा ने कहा कि उन्होंने अब तक फिल्म नहीं देखी है।
मराठी फिल्म 'व्हेंटिलेटर' की स्क्रीनिंग पर अभिनेता अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ भी पहुंचे। विधु विनोद चोपड़ा इन दिनों लेखक अभिजात जोशी के साथ 'मार्कोस' की पटकथा पर काम कर रहे हैं। अभिनेता संजय दत्त इस फिल्म के साथ वापसी कर रहे हैं।