मुंबई: बॉलीवुड और पंजाबी सिनेमा के जाने माने सिंगर हनी सिंह ने 'ब्लू आईज' और 'लव डोज' जैसे बेहतरीन म्यूजिक वीडियो से दर्शकों के दिलों में अपने लिए एक खास जगह बना ली है। हालांकि पिछले कुछ समय से उनका जादू वैसा अपने चाहनेवालों पर नहीं चल पा रहा है जैसा पहले हुआ करता था। एक वक्त ऐसा भी आया था कि हर जगह सिर्फ हनी सिंह की धुन पर ही लोग नाचते हुए दिखते थे। लेकिन अब वहीं दूसरी ओर रैपर यो यो हनी सिंह का कहना है कि वह एक बड़े म्यूजिक वीडियो के जरिए वापसी की तैयारी में जुटे हैं।
Related Stories
वर्ष 2014 में सोनाक्षी सिन्हा और गुलशन ग्रोवर के साथ अपने 'देसी कलाकार' म्यूजिक वीडियो से उन्होंने हंगामा मचा दिया था। हाल ही में हनी सिंह ने अपने बायसेप्स दिखाते हुए एक सोशल मीडिया पर अपनी एक तस्वीर शेयर की है। इसके साथ उन्होंने ट्वीट किया, "अपने कमबैक वीडियो के लिए मांसपेशियां बढ़ा रहा हूं। मैं एक बड़े वीडियो की शूटिंग कर रहा हूं, इसके लिए मेगा लुक की जरूरत है, कृपया अपना प्यार और समर्थन दें।"
गौरतलब है कि यो यो हनी सिंह ने पिछले दिनों रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म 'सोनू के टीटू की स्वीटी' के गानों 'दिल चोरी' और 'छोटे छोटे पेग' से दमदार वापसी की है। फिलहाल वह अपने इस सफलता का लुत्फ उठा रहे हैं।