‘बाहुबली’ की देवसेना यानी अनुष्का शेट्टी को भला कौन भूल सकता है? इस दमदार किरदार ने उन्हें न सिर्फ साउथ में, बल्कि हिंदी दर्शकों के बीच भी खास पहचान दिलाई थी। उनकी सशक्त छवि और भावपूर्ण अभिनय ने उन्हें लाखों दिलों की धड़कन बना दिया। हालांकि इस ब्लॉकबस्टर के बाद अनुष्का बड़े पर्दे पर कम ही नजर आईं। लंबे समय से उनकी फिल्मों की गिनती सीमित रही, और अब उन्होंने सोशल मीडिया से ब्रेक लेने का फैसला कर सबको चौंका दिया है। अनुष्का शेट्टी ने इंस्टाग्राम पर एक बेहद भावनात्मक मैसेज के जरिए सोशल मीडिया से दूरी बनाने का ऐलान किया।
उन्होंने लिखा, 'नीली रोशनी को दीपक की लौ में बदलते हुए… जिंदगी को फिर से जीने और दुनिया से दोबारा जुड़ने के लिए सोशल मीडिया से दूर रहूंगी। जल्द ही और भी कहानियों और ढेर सारा प्यार लेकर लौटूंगी। हमेशा मुस्कुराते रहिए और प्यार बांटते रहिए।' इस पोस्ट में उन्होंने किसी तरह की नकारात्मकता नहीं दिखाई। बल्कि उन्होंने फैंस को सकारात्मकता, मुस्कान और सच्चे जुड़ाव का संदेश दिया। उन्होंने यह भी साफ किया कि अब वह फोन और स्क्रीनों से दूर रहकर असली ज़िंदगी से जुड़ना चाहती हैं।
अनुष्का का यह फैसला उनकी हाल ही में रिलीज़ हुई फिल्म ‘घाटी’ के तुरंत बाद आया है। इस फिल्म का निर्देशन क्रिष जागरलामुडी ने किया था, और यह आंध्र-ओडिशा सीमा पर गांजा तस्करी पर आधारित थी। फिल्म में अनुष्का ने ‘शीलावती’ नाम की एक ताकतवर महिला की भूमिका निभाई थी। हालांकि उम्मीदें काफी थीं, लेकिन यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही और एक हफ्ते के भीतर ही थिएटर से उतर गई। फिल्म की असफलता के बाद सोशल मीडिया से उनका गायब होना कई सवाल खड़े करता है। क्या फिल्म की विफलता और आलोचनाएं ही इसका कारण बनीं? यह चर्चा इसलिए भी गर्म है क्योंकि अनुष्का ने फिल्म के प्रमोशन में भी हिस्सा नहीं लिया था।
उस वक्त उनकी बढ़े हुए वजन की तस्वीरें सामने आई थीं और कयास लगाए जा रहे थे कि शायद इसी वजह से वह प्रचार से दूर रहीं। अनुष्का शेट्टी ने 2005 में फिल्म ‘सुपर’ से टॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद वह कई सुपरहिट फिल्मों का हिस्सा रहीं — जैसे ‘अरुंधती’, ‘विक्रमारकुडु’, ‘मिर्ची’, ‘साइज जीरो’, ‘धमरुकम’, ‘भागमती’ और सबसे बड़ी हिट ‘बाहुबली’। उनकी कई फिल्में महिला केंद्रित थीं, जिनमें उन्होंने अपनी एक्टिंग स्किल्स से सबको प्रभावित किया।
हालांकि उन्होंने कहा है कि वह सोशल मीडिया से सिर्फ अस्थायी ब्रेक ले रही हैं और जल्द ही नई कहानियों के साथ लौटेंगी, लेकिन फैंस को चिंता है कि क्या यह लंबा ब्रेक उनकी एक्टिंग करियर को भी प्रभावित करेगा। उनके फैंस सोशल मीडिया पर लगातार उन्हें सपोर्ट कर रहे हैं और उनकी जल्द वापसी की उम्मीद जता रहे हैं। अनुष्का शेट्टी ने हमेशा खुद को किरदारों में ढालने में महारथ दिखाई है और उम्मीद की जा सकती है कि वह इस ब्रेक के बाद और भी मजबूत वापसी करेंगी। फिलहाल, वह एक नई शुरुआत की तैयारी में हैं, ब्लू लाइट से कैंडल लाइट की ओर।
ये भी पढ़ें: 'मिराई' की विभा के आगे फेल है 'सैयारा' की वाणी, खूबसूरत में छोड़ा स्टारकिड्स को भी पीछे
संपादक की पसंद