1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. कुकू कोहली की प्रेयर मीट में टूटीं अरुणा ईरानी, सहारा बनीं सौतेली बेटियां पूजा और करिश्मा, साथ-साथ आईं नजर

कुकू कोहली की प्रेयर मीट में टूटीं अरुणा ईरानी, सहारा बनीं सौतेली बेटियां पूजा और करिश्मा, साथ-साथ आईं नजर

 Written By: Priya Shukla
 Published : Aug 30, 2026 06:44 am IST,  Updated : Aug 30, 2026 06:45 am IST

डायरेक्टर कुकू कोहली का 25 अगस्त को कार्डियक अरेस्ट के चलते निधन हो गया था, जिसके 4 दिन बाद परिवार ने उनकी प्रेयर मीट रखी। इस प्रेयर मीट में जहां अरुणा ईरानी आंसुओं में डूबी दिखीं तो वहीं सौतेली बेटियां करिश्मा और पूजा उनके साथ-साथ नजर आईं।

aruna irani- India TV Hindi
कुकू कोहली की प्रेयर मीट में भावुक हुईं अरुणा ईरानी। Image Source : INSTAGRAM/@VIRALBHAYANI

अजय देवगन को फिल्मी दुनिया में लॉन्च करने वाले निर्देशक कुकू कोहली अब इस दुनिया में नहीं रहे। 25 अगस्त को कुकू कोहली का कार्डियक अरेस्ट के चलते निधन हो गया और 26 अगस्त को मुंबई के ओशिवारा श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। रोहित शेट्टी, कैटरीना कैफ और विक्की कौशल सहित इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे कुकू कोहली की अंतिम यात्रा में शामिल हुए। अब कुकू कोहली के निधन के चार दिन बाद 29 अगस्त को परिवार ने उनकी प्रेयर मीट रखी, जिसमें अनिल कपूर, मधू शाह, पूनम ढिल्लों, जैकी श्रॉफ सहित कई सितारे पहुंचे। प्रेयर मीट के दौरान अरुणा ईरानी काफी भावुक नजर आईं। उनकी आंखों से आंसू बह रहे थे, ऐसी स्थिति में उनकी दोनों सौतेली बेटियां पूजा कोहली और करिश्मा कोहली उनके साथ दिखाई दीं।

अरुणा ईरानी का सहारा बनीं सौतेली बेटियां

कुकू कोहली को खोने के बाद अरुणा ईरानी काफी दर्द में हैं और दर्द की इस घड़ी में उनकी सौतेली बेटियां करिश्मा और पूजा उनका सहारा बनती दिखीं। करिश्मा और पूजा हर जगह अरुणा ईरानी के साथ-साथ नजर आईं और गम की इस घड़ी में उन्हें संभालती दिखीं। सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियोज सामने आए हैं, जहां कुकू कोहली की दोनों बेटियों को उनकी दूसरी पत्नी और दिग्गज अभिनेत्री अरुणा ईरानी के साथ देखा जा सकता है और परिवार के अन्य सदस्य भी अरुणा ईरानी के साथ दिखे।

कुकू कोहली की पहली पत्नी और दोनों बेटियां

बता दें, कुकू कोहली ने दो शादियां की थीं। उनकी पहली पत्नी रीता कोहली थीं, जिनका कुछ साल पहले ही निधन हो गया था। रीता से कुकू कोहली की दो बेटियां हैं, जिनका नाम पूजा कोहली और करिश्मा कोहली है। वहीं 1990 में पहली पत्नी रीता और दोनों बेटियों के होते हुए कुकू कोहली ने अरुणा ईरानी से गुपचुप शादी रचाई थी, जिसे लंबे समय तक उन्होंने सीक्रेट रखा। पूजा और करिश्मा की बात करें तो पूजा जहां फिल्म प्रोड्यूसर हैं और लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करती हैं, वहीं करिश्मा ने भी अपने पिता की ही तरह फिल्मी दुनिया में करियर बनाया। उन्होंने न्यूयॉर्क से फिल्म निर्देशन की बारिकियां सीखीं और फिर यशराज फिल्म्स के साथ अपना करियर शुरू किया। वह कबीर खान के साथ बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम कर चुकी हैं।

करिश्मा का वर्कफ्रंट

करिश्मा कोहली 'एक था टाइगर', 'ट्यूबलाइट' और 'बजरंगी भाईजान' जैसी फिल्मों में बतौर असिस्टेंट और एसोसिएट डायरेक्टर काम कर चुकी हैं और 'मेंटलहुड' जैसी सीरीज का निर्देशन कर चुकी हैं, जिसमें करिश्मा कपूर नजर आई थीं। इसके अलावा करिश्मा कोहली  माधुरी दीक्षित स्टारर 'द फेम गेम' का भी निर्देशन कर चुकी हैं। करिश्मा, कैटरीना कैफ की भी काफी करीबी दोस्त हैं। करिश्मा ने 2025 में एक्टर मिखाइल यावलकर से शादी की। उन्होंने आईस फैक्ट्री में व्हाइट वेडिंग की, जिसकी काफी चर्चा रही।

ये भी पढ़ेंः कुकू कोहली की प्रेयर मीट में पहुंचे विक्की-कैटरीना समेत कई सितारे, नम आंखों से अरुणा ईरानी ने दी श्रद्धांजलि

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन