1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'बिन शर्त माफी मांगें नीतीश कुमार', महिला डॉक्टर का हिजाब खींचे जाने पर चिढीं 'दंगल गर्ल' जायरा वसीम

'बिन शर्त माफी मांगें नीतीश कुमार', महिला डॉक्टर का हिजाब खींचे जाने पर चिढीं 'दंगल गर्ल' जायरा वसीम

 Written By: Priya Shukla
 Published : Dec 16, 2025 06:34 pm IST,  Updated : Dec 16, 2025 06:34 pm IST

आमिर खान स्टारर 'दंगल' में अपनी भूमिका के लिए मशहूर पूर्व अभिनेत्री जायरा वसीम ने नीतीश कुमार द्वारा बिना अनुमति के महिला डॉक्टर का हिजाब हटाए जाने पर नाराजगी जाहिर की है। एक्ट्रेस ने एक पोस्ट शेयर करते हुए उनसे बिना किसी शर्त के महिला डॉक्टर से मांफी मांगने की बात कही है।

zaira wasim- India TV Hindi
जायरा वसीम का नीतीश कुमार पर फूटा गुस्सा। Image Source : IG/@ZAIRA_WASIM_OFFICIAL_FC/@RJDFORINDIA

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। हाल ही में नीतीश कुमार का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह स्टेज पर एक महिला डॉक्टर का हिजाब हटाने की कोशिश करते दिखे। जैसे ही ये वीडियो सामने आया, नीतीश कुमार की हरकत पर लोग भड़क गए। पूर्व अभिनेत्री जायरा वसीम ने भी नीतीश कुमार के इस वीडियो और महिला डॉक्टर का हिजाब हटाने के प्रयास को लेकर नाराजगी जाहिर की है। जायरा वसीम भले ही फिल्मों और अभिनय को अलविदा कह चुकी हैं, लेकिन वह सोशल मीडिया पर खासी एक्टिव हैं और अक्सर अपनी बात रखती आई हैं। अब नीतीश कुमार के वायरल वीडियो को लेकर भी उन्होंने कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की है।

बिना शर्त माफी मांगें नीतीश कुमार- जायरा वसीम

जायरा वसीम ने नीतीश कुमार के वायरल वीडियो पर नाराजगी जाहिर करते हुए एक्स (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने नीतीश से बिना शर्त महिला से माफी मांगने की मांग उठाई है। अपने पोस्ट में जायरा ने लिखा- 'एक महिला की गरिमा और मर्यादा कोई खिलौना नहीं है जिससे खिलवाड़ किया जा सके। खासकर सार्वजनिक मंच पर तो बिल्कुल भी नहीं। एक मुस्लिम महिला होने के नाते, किसी दूसरी महिला का नकाब इतनी लापरवाही से खींचा जाना और साथ ही वह बेपरवाह मुस्कान देखना बेहद आक्रोशजनक था। सत्ता का अर्थ सीमाओं का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं है। नीतीश कुमार को उस महिला से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।'

zaira wasim
Image Source : X/@ZAIRAWASIMMMजायरा वसीम का पोस्ट

क्या है मामला?

दरअसल, सोमवार को पटना में आयोजित कार्यक्रम में नवनियुक्त आयुष चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जा रहे थे। इसी दौरान महिला डॉक्टर नुसरत को भी नियुक्ति पत्र दिया गया। सीएम नीतीश कुमार ने मंच पर डॉक्टर नुसरत को नियुक्ति पत्र दिया। इसके बाद वह उनका हिजाब देखकर पूछते हैं- ये क्या है? और फिर उन्होंने महिला डॉक्टर का हिजाब नीचे खींच दिया। इस दौरान पीछे खड़े डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी उनकी आस्तीन खींचकर उन्हें ऐसा करने से रोकते भी दिखे, लेकिन उन्होंने अचानक ही महिला का हिजाब खींच दिया और मुस्कुराने लगे।

वीडियो वायरल होते ही भड़के लोग

सोशल मीडिया पर जैसे ही समारोह का एक वीडियो वायरल हुआ, लोग भड़क गए। विपक्षी दलों की ओर से भी नीतीश कुमार की कड़ी आलोचना हुई। वीडियो में नीतीश कुमार एक महिला को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए, उसके हिजाब की ओर इशारा करते हुए और उससे हिजाब हटाने के लिए कहने से पहले उसके बारे में सवाल करते हुए दिखाई दे रहे हैं। कुछ ही सेकेंड्स बाद उन्होंने महिला का हिजाब हटा दिया। यह घटना मुख्यमंत्री सचिवालय, संवाद में एक कार्यक्रम के दौरान घटी, जहां 1,000 से अधिक आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र जारी किए गए।

ये भी पढ़ेंः 'मैं भी उसके साथ मर गया...' जब 16 साल की बेटी का अंतिम संस्कार करके घर पहुंचा एक्टर, पोस्ट देख हिल गए थे फैंस

'प्लीज रिपोर्ट...' बिग बॉस 19 विनर गौरव खन्ना की पत्नी आकांक्षा ने फैंस को किया आगाह, इस बात से हुईं परेशान

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन