'धुरंधर 2' की फिल्मी कहानी तो चर्चा में है ही, लेकिन इस फिल्म के गाने भी लोगों का दिल जीत रहे हैं। इसका म्यूजिक कमाल का है जो लोगों को जेहन में फिट हो रहा है। गौर करने वाली बात है कि 'धुरंधर द रिवेंज' में एक भी नया गाना नहीं है। पूरी फिल्म रिमिक्स के भरोसे चली है, पुराने गानों को इस फिल्म में रीक्रिएट किया गया है और इसमें एक भी नया गाना नहीं है। इसके बावजूद लोग गानों से कनेक्ट कर पा रहे हैं। फिल्म में एक दो नहीं बल्कि 7 पुराने फेमस गाने डाले गए हैं। ये गाने अपने दौर में सुपरहिट ट्रैक रहे, लेकिन अब ये जेन जी की जुबान पर भी चढ़ गए हैं। फिल्म में सूफी, इंटरनेशनल और बॉलीवुड तीनों स्टाइल के गानों का तड़का देखने को मिला है। आज आपको इसके एक 36 साल पुराने गाने के बारे में बताएंगे, जो काफी पसंद किया जा रहा है।
आमिर और माधुरी के गाने के रीमिक्स ने फूंकी जान
साल 1990 में माधुरी दीक्षित और आमिर खान स्टारर फिल्म 'दिल' सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और इसके साथ ही 'हम प्यार करने वाले' गाने ने धूम मचा दी थी। उस दौर में ये गाना काफी चर्चित हुआ था और लोगों ने आमिर खान और माधुरी की जोड़ी को एक साथ काफी पसंद भी किया था। इस गाने को उदित नारायण और अनुराधा पौडवाल ने अपनी आवाज दी थी। दोनों ही सिंगर लेजेंडरी हैं। 90 के दौर में ये गाने ऑटो, टैक्सी और टीवी के पर्दे पर रंग जमाते थे। कैसे, सीडी और डीवीडी के जरिए लोग इन गानों को सुनते थे।
नए अंदाज में 'धुरंधर 2' ने किया पेश
अब ये गाना 'धुरंधर 2' में बिल्कुल अलग अंदाज में इस्तेमाल किया गया है। इसे टेंशन वाले सीन में दिखा गया है। ये रोमांटिक से ज्यादा सस्पेंस सॉन्ग बन गया है। इसमें रैप का तड़का लगाया गया है, जो इसे सीन के हिसाब से बिल्कुल फिट बना रहा है। इस गाने को अब बच्चा-बच्चा गुनगुना रहा है। 'धुरंधर द रिवेंज' ने इस गाने को नई पहचान दिलाई है। टी-सीरीज के यूट्यूब चैनल पर इसके रीमिक्स वर्जन को रिलीज किया गया है। पांच दिन पहले रिलीज हुए इस गाने को 63 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। 3 मिनट 48 सेकंड का ये गाना दिल जीत रहा है।
ये भी पढ़ें: 2023 की मास्टरपीस, 8.3 IMDb रेटिंग वाली फिल्म देख खड़े हो जाएंगे रोंगटे, ढाई घंटे में बहने लगेंगे आंसू