1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. थमा नहीं है 'धुरंधर 2' का शोर, 51वें दिन भी जारी है कमाई, आमिर की 'दंगल' के रिकॉर्ड से बस चंद कदम दूर रणवीर की फिल्म

थमा नहीं है 'धुरंधर 2' का शोर, 51वें दिन भी जारी है कमाई, आमिर की 'दंगल' के रिकॉर्ड से बस चंद कदम दूर रणवीर की फिल्म

 Written By: Priya Shukla
 Published : May 09, 2026 01:22 pm IST,  Updated : May 09, 2026 01:22 pm IST

रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' सिनेमाघरों में अपने 51 दिन पूरे कर चुकी है और चौंकाने वाली बात तो ये है कि अभी भी कमाई के मामले में ये नई-नवेली फिल्मों को टक्कर दे रही है। यही नहीं, वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में भी ये इतिहास रचने से बस चंद कदम दूर है।

dhurandhar 2- India TV Hindi
धुरंधर 2 Image Source : INSTAGRAM/@OFFICIALJIOSTUDIOS

आदित्य धर के निर्देशन में बनी 'धुरंधर: द रिवेंज' को रिलीज हुए 51 दिन हो चुके हैं। 19 मार्च 2026 को ये फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और इसके बाद इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जो गदर काटा, बड़ी-बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड को धराशायी कर दिया। अब ये फिल्म नंबर वन की कुर्सी पर कब्जा जमाने को बेताब है, जो फिलहाल आमिर खान की 'दंगल' के पास है। लेकिन, जिस रफ्तार से ये रणवीर सिंह की ये फिल्म आगे बढ़ रही है, लगता है वो दिन दूर नहीं जब 'दगंल' का रिकॉर्ड भी चकनाचूर हो जाएगा और 'धुरंधर 2' देश की सबसे कमाऊ फिल्म बन जाएगी। एक तरफ जहां दर्शक इसकी ओटीटी रिलीज का इंतजार कर रहे हैं तो दूसरी तरफ बॉक्स ऑफिस पर इसका जलवा अभी भी बरकरार है। तो चलिए जानते हैं, रणवीर सिंह स्टारर 'धुरंधर 2' अब तक कितना कलेक्शन कर चुकी है।

धुरंधर 2 की आठवें हफ्ते में एंट्री

रणवीर सिंह, सारा अर्जुन स्टारर 'धुरंधर 2' अपने आठवें हफ्ते में प्रवेश कर चुकी है और अब भी कमाई के मामले में कई नई-नवेली फिल्मों को टक्कर दे रही है। टिकटों की बिक्री के मामले में ये रफ्तार बनाए रखने की पूरी कोशिश में है। सिर्फ घरेलू बॉक्स ऑफिस पर ही नहीं, विदेशी स्क्रीन्स पर भी अब तक धुरंधर 2 की मजबूत पकड़ देखने को मिल रही है। सैकनिल्क की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, आदित्य धर के निर्देशन में बनी 'धुरंधर 2' ने 51वें दिन भारत में 42 लाख का कलेक्शन किया और इसी के साथ इसका कलेक्शन 1,365.71 करोड़ पहुंच गया है।

1800 के करीब पहुंचने को तैयार

जिस तरह से ये फिल्म अब तक सिनेमाघरों में है, उससे साफ पता चलता है कि ये फिल्म अब भी नंबर वन बनने की रेस में बनी हुई है, हालांकि इसका टारगेट अभी 1800 करोड़ का कलेक्शन छूने पर है। वर्ल्डवाइड ये फिल्म अब तक 1792.11 करोड़ की कमाई कर चुकी है। आदित्य धर की फिल्म पहले ही बाहुबली 2 के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नंबर 2 की कुर्सी पर काबिज हो चुकी है और अब कछुए की चाल से ही सही, आमिर खान की 'दंगल' के नजदीक पहुंचती दिखाई दे रही है।

ओटीटी रिलीज को लेकर मेकर्स का प्लान

बता दें, बीते दिनों ही मेकर्स ने ये साफ कर दिया था कि वह फिलहाल 'धुरंधर 2' को ओटीटी पर रिलीज करने की तैयारी में नहीं हैं। इस हिसाब से अभी भी धुरंधर 2 के पास पूरा महीना बाकी है। अब देखना ये होगा कि इस महीने में ये फिल्म कितनी कमाई करती है और 'दंगल' को पछाड़ पाती है या फिर दूसरे नंबर पर ही सिमट जाती है। फिल्म की कास्ट की बात करें तो 19 मार्च को रिलीज हुई इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ सारा अर्जुन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर माधवन और राकेश बेदी जैसे कलाकार अहम भूमिका में हैं।

ये भी पढ़ेंः एक्ट्रेस जिसके बाथरूम से निकली नोटों की गड्डियां, कोर्ट में खुलेआम कहा था- 'जिस्मफरोशी से कमाए हैं पैसे'

अमिताभ बच्चन Vs कमल हासन, आमने-सामने होंगे 2 मेगास्टार, 2024 में आई ब्लॉकबस्टर के सीक्वल में होगी भिड़ंत

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन