1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. फिल्मी दुनिया से दूर, लेकिन कमाई में अक्षय कुमार को टक्कर देते है राजेश खन्ना के छोटे दामाद, आलीशान जिंदगी जीते हैं साढू भाई

फिल्मी दुनिया से दूर, लेकिन कमाई में अक्षय कुमार को टक्कर देते है राजेश खन्ना के छोटे दामाद, आलीशान जिंदगी जीते हैं साढू भाई

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Jan 02, 2026 06:05 pm IST,  Updated : Jan 02, 2026 06:05 pm IST

राजेश खन्ना और डिंपल कपाड़िया की दो बेटियां हैं, ट्विंकल और रिंकी खन्ना। जहां ट्विंकल की शादी अक्षय कुमार से हुई है, वहीं कम ही लोग रिंकी के पति के बारे में जानते हैं। दिलचस्प बात यह है कि छोटे दामाद भी शोहरत और हैसियत में किसी से कम नहीं हैं।

Dimple kapadia rajesh khanna rinke khanna sameer saran- India TV Hindi
डिंपल कपाड़िया, राजेश खन्ना, रिंकी खन्ना और समीर सरन। Image Source : GOLDEN CINEMA/FB

बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार कहे जाने वाले राजेश खन्ना की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। एक आउटसाइडर होकर फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने वाले राजेश खन्ना ने जो मुकाम हासिल किया, वैसा स्टारडम आज तक कोई दोहरा नहीं सका। उनकी लोकप्रियता का आलम यह था कि उनकी फिल्में महीनों तक सिनेमाघरों में लगी रहती थीं और लोग उनकी एक झलक पाने के लिए बेताब रहते थे। एक टैलेंट हंट शो जीतकर बॉलीवुड में एंट्री करने वाले राजेश खन्ना बेहद कम उम्र में सुपरस्टार बन गए थे और ‘काका’ के नाम से मशहूर हो गए। राजेश खन्ना की निजी ज़िंदगी भी हमेशा चर्चा में रही। उन्होंने मार्च 1973 में अभिनेत्री डिंपल कपाड़िया से शादी की थी। दिलचस्प बात यह है कि डिंपल की डेब्यू फिल्म ‘बॉबी’ रिलीज होने से करीब सात महीने पहले ही वह सुपरस्टार की पत्नी बन चुकी थीं। शादी के बाद डिंपल और राजेश खन्ना दो बेटियों के माता-पिता बने, ट्विंकल खन्ना और रिंकी खन्ना।

दोनों बेटियां रहीं फ्लॉप

दोनों ही बेटियों ने अपने पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए अभिनय की दुनिया में कदम रखा, लेकिन उन्हें वह सफलता नहीं मिल सकी, जो उनके माता-पिता को हासिल हुई थी। बड़ी बेटी ट्विंकल खन्ना ने कई फिल्मों में काम किया, लेकिन लगातार फ्लॉप फिल्मों के बाद उन्होंने एक्टिंग को अलविदा कह दिया। इसके बाद ट्विंकल ने अभिनेता अक्षय कुमार से शादी की और आज वह एक सफल लेखिका, कॉलमिस्ट और फिल्म निर्माता के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं। वहीं छोटी बेटी रिंकी खन्ना ने भी बॉलीवुड में किस्मत आजमाई।

sameer saran rinke khanna naomika saran
Image Source : NAOMIKA SARAN INSTAGRAMफैमिली के साथ समीर सरन

शादी कर छोड़ा देश

उन्होंने गोविंदा के साथ ‘जिस देश में गंगा रहता है’, ‘ये है जलवा’, ‘झंकार बीट्स’ और ‘चमेली’ जैसी फिल्मों में काम किया। हालांकि उन्हें भी करियर में खास सफलता नहीं मिली। लगातार असफल फिल्मों के बाद रिंकी ने ग्लैमर वर्ल्ड से दूरी बना ली। साल 2003 में रिंकी खन्ना ने समीर सरन से शादी की। समीर का फिल्म इंडस्ट्री से कोई सीधा संबंध नहीं है, लेकिन वह एक बेहद सफल बिजनेसमैन हैं। शादी के बाद रिंकी और समीर लंदन शिफ्ट हो गए और वहीं बस गए।

क्या करते हैं समीर सरन

रिंकी और समीर के दो बच्चे हैं और रिंकी अब पूरी तरह से पारिवारिक जीवन में व्यस्त हैं। राजेश खन्ना के छोटे दामाद समीर सरन कमाई के मामले में किसी भी बड़े सेलिब्रिटी से कम नहीं हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक समीर एक रियल एस्टेट बिजनेस चलाते हैं, जिसकी मुंबई, गोवा, कोलकाता और बेंगलुरु समेत कई बड़े शहरों में मौजूदगी है। इसके अलावा वह लंदन में भी अपना बिजनेस संभालते हैं। बताया जाता है कि उनकी कुल संपत्ति करीब 250 करोड़ रुपये के आसपास है। बता दें, अब समीर की बेटी नाओमिका सरन फिल्मों में एंट्री करने के लिए तैयार हैं। बताया जा रहा है कि वो मैडॉक की फिल्म से एंट्री करेंगी। उनके साथ 'इक्कीस' एक्टर अगस्त्य नंदा नजर आएंगे।

ये भी पढ़ें: 'धुरंधर' ने 28 दिनों में रचा ऐसा रिकॉर्ड, ये खिताब हासिल करने वाली बनी इकलौती फिल्म

'धुरंधर' से तगड़ा था इस फिल्म का क्रेज, टिकट खरीदने के लिए सड़क पर सो जाते थे लोग, लगती थी 5 km लंबी लाइन

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन