शाहिद कपूर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'कॉकटेल 2' रिलीज की तैयारी कर रही है और 19 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म के प्रमोशन में व्यस्त शाहिद ने ये भी खुलासा किया है कि देवा और ओ रोमियो फिल्म के फ्लॉप हो जाने के बाद उनका फिल्मों के चुनाव को लेकर कॉन्फिडेंस काफी कम हो गया है। इतना ही नहीं शाहिद को अब अपनी टीम की भी मदद लेनी पड़ रही है। इसका खुलासा भी खुद शाहिद ने ही किया है।
अपनी फिल्मों के चुनाव को लेकर क्या बोले शाहिद कपूर?
'द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया' के साथ हाल ही में हुए एक इंटरव्यू में शाहिद ने एक ऐसी इंडस्ट्री में काम करने से जुड़ी अपनी परेशानियां बताईं जो हमेशा बदलती रहती है और जिसके बारे में कुछ भी पक्के तौर पर नहीं कहा जा सकता। भले ही उन्हें सिनेमा में काम करते हुए कई साल हो गए हैं, लेकिन उन्होंने साफ कहा कि अनुभव का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि बॉक्स ऑफिस पर सफलता मिलेगी ही। शाहिद ने कहा, 'जब आप इतने लंबे समय तक काम करते हैं, तो आपको लगता है कि आपको चीजें और बेहतर करनी चाहिए। लेकिन असल में ऐसा नहीं होता। फिल्में बहुत अनप्रेडिक्टेबल होती हैं।' उन्होंने यह भी कहा कि भले ही एक एक्टर अपनी परफ़ॉर्मेंस के किसी हिस्से पर असर डाल सकता है, लेकिन फिल्म का फ़ाइनल रिजल्ट कई चीजों पर निर्भर करता है, जैसे डायरेक्टर की सोच और ऑडियंस उसे कैसे लेती है।
अब टीम की मदद से चुनेंगे स्क्रिप्ट
'देवा' और 'ओ रोमियो' जैसी फिल्मों के साथ हुई दिक्कतों से मिले सबक के बारे में बात करते हुए, शाहिद ने अपने रोजमर्रा के काम के तरीके में आए एक बड़े बदलाव का ज़िक्र किया। उन्होंने बताया कि फिल्में चुनने के मामले में अब उन्हें अपनी ही समझ पर शक होने लगा है। उन्होंने कहा, 'हो सकता है कि कैमरे के सामने क्या करना है, यह तो मुझे अच्छी तरह पता हो, लेकिन शायद मुझे यह नहीं पता कि कौन सी फिल्में चुननी चाहिए।' शाहिद ने आगे कहा कि वे अक्सर अपनी कलात्मक समझ के आधार पर फिल्में चुनते हैं और हो सकता है कि उनकी यह समझ हमेशा दर्शकों की पसंद या उम्मीदों से मेल न खाए। इसी वजह से अब वे चाहते हैं कि स्क्रिप्ट सुनते समय उनकी टीम के कम से कम तीन लोग साथ हों। पहले उन्हें अकेले स्क्रिप्ट सुनना ज्यादा सहज लगता था, लेकिन अब उन्हें लगता है कि एक से ज्यादा लोगों की राय उन्हें प्रोजेक्ट्स को बेहतर और निष्पक्ष तरीके से परखने में मदद कर सकती है।
कबीर सिंह के बाद सुपरहिट को तरसे शाहिद
शाहिद कपूर ने अपने करियर में कई सुपरहिट और यादगार फिल्में दी हैं। लेकिन 2019 में आई फिल्म कबीर सिंह के बाद कोई भी फिल्म सुपरहिट नहीं रही है। कबीर सिंह साल 2019 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म रही थी। इसके बाद शाहिद ने 2022 में जर्सी, फर्जी, ब्लडी डैडी, देवा और ओ रोमियो जैसी फिल्मों में काम किया है। लेकिन ये सभी फिल्में फ्लॉप रही हैं। हालांकि 2024 में रिलीज हुई फिल्म 'तेरी बातों में उलझा जिया' कमाई के मामले में फ्लॉप नहीं रही थी। हालांकि ये फिल्म भी हिट का तमगा हासिल में असफल रही थी।