1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. हॉलीवुड
  4. शशि कपूर के निधन की खबर सुनते ही शूटिंग छोड़कर मुंबई रवाना हुए ऋषि कपूर

शशि कपूर के निधन की खबर सुनते ही शूटिंग छोड़कर मुंबई रवाना हुए ऋषि कपूर

 Published : Dec 05, 2017 09:44 am IST,  Updated : Dec 05, 2017 09:47 am IST

शशि कपूर 1970 और 1980 के दशक में रोमांटिक अभिनेता के तौर पर जाने जाते थे। 79 वर्षीय अभिनेता का सोमवार को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया।

RISHI KAPOOR SHASHI KAPOOR- India TV Hindi
RISHI KAPOOR SHASHI KAPOOR Image Source : PTI

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में अपनी अपकमिंग फिल्म 'राजमा चावल' की शूटिंग कर रहे अभिनेता ऋषि कपूर को जैसे ही अपने चाचा शशि कपूर के निधन की जानकारी मिली वह तुरंत शूटिंग बीच में छोड़ अपने परिवार के पास मुंबई लौट गए। शशि कपूर 1970 और 1980 के दशक में रोमांटिक अभिनेता के तौर पर जाने जाते थे। 79 वर्षीय अभिनेता का सोमवार को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया।

कपूर परिवार के करीबी शांति मलिक ने सोमवार शाम को बताया, "हम हवाईअड्डे पर उड़ान देख रहे हैं और जल्दी से मुंबई पहुंचना चाहते हैं। हम आज रात या कल सुबह तक जा सकते हैं।" मलिक ने यह भी कहा कि वह मौत का कारण नहीं जानते और मंगलवार सुबह तक इस बारे में बता पाएंगे।

दिवंगत राज और शम्मी कपूर के छोटे भाई शशि कपूर ने चार साल की उम्र में अपने पिता पृथ्वीराज कपूर द्वारा निर्देशित और निर्मित नाटकों से अभिनय शुरू किया था।

उन्होंने 1940 में बाल कलाकार के रूप में फिल्मों में अभिनय शुरू किया। बाल कलाकार के रूप में 1948 में आई फिल्म 'आग' और 1951 में आई 'आवारा' के लिए उन्हें जाना जाता है, जिसमें उन्होंने अपने बड़े भाई राज के बचपन की भूमिका निभाई थी।

बड़े होने के बाद, उन्होंने 1961 में आई फिल्म 'धर्मपुत्र' में मुख्य अभिनेता के तौर पर अपनी शुरुआत की और 150 से अधिक हिंदी फिल्मों में अभिनय किया। शशि कपूर की यादगार फिल्मों में 'दीवार', 'सत्यम शिवम सुंदरम', 'त्रिशूल' और 'कभी कभी' शामिल हैं। इन फिल्मों ने हिंदी सिने प्रेमियों को आकर्षित किया। उन्होंने अंग्रेजी थिएटर अभिनेत्री जेनिफर केंडल से शादी की। उनके तीन बच्चे कुणाल, करण और संजना कपूर हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Hollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन