भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव चरम पर है। पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने पाकिस्तान और पीओके में स्थित टेरर कैंप्स को मिसाइल स्ट्राइक के जरिए तबाह कर दिया है। भारत की इस सख्त कार्रवाई के बाद पाकिस्तान बौखला गया है और लगातार कोशिश कर रहा है कि भारत को ड्रोन और मिसाइल के जरिए नुकसान पहुंचाए। हालांकि, भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने इन सभी ड्रोन और मिसाइलों को मार गिराया है। इस पूरे घटनाक्रम में भारत के S-400 डिफेंस सिस्टम की तारीफ हो रही है। हालांकि, आपके बता दें कि भारत के पास और भी ऐसे कई एयर डिफेंस सिस्टम हैं जो पाकिस्तान का काल हैं। आइए जानते हैं भारत के जखीरे में मौजूद ऐसे ही कुछ हथियारों के बारे में।
भारत के एयर डिफेंस सिस्टम
भारत दुनिया के गिने-चुने देशों में शामिल है जिसके पास एंटी-बैलिस्टिक मिसाइल सिस्टम मौजूद है। पाकिस्तान के पास ये मौजूद नहीं है। भारत के पास मिसाइल डिफेंस सिस्टम दो तरह के हैं- पहला पृथ्वी एयर डिफेंस (PAD) जो कि ज्यादा ऊंचाई पर मिसाइल हमलों को रोक सकती है। वहीं, दूसरा एडवांस एयर डिफेंस (AAD) जो कि कम दूरी की मिसाइलों को रोकने के लिए बनी है। इसके बाद भारत के पास में एस-400 भी मौजूद है। एस-400 की मिसाइल रेंज 40 किमी से 400 किमी तक की है और ये 600 किमी तक लक्ष्य की पहचान कर सकता है।
- पृथ्वी एयर डिफेंस- इस एयर डिफेंस सिस्टम के मिसाइलों की रेंज 300 किमी से लेकर 2000 किमी तक है। ये मिसाइल सतह से 80 किमी की ऊंचाई पर दुश्मन के टारगेट को ध्वस्त कर सकती है।
- एडवांस्ड एयर डिफेंस- इस एयर डिफेंस सिस्टम की मिसाइल की ऑपरेशनल रेंज 150 किमी से 200 किमी तक की है। ये मिसाइलें 30 किमी तक की ऊंचाई पर दुश्मन के टारगेट को तबाह कर सकती है।

इसके बाद आती हैं शॉर्ट रेंज इंटरसेप्शन एयर डिफेंस मिसाइलें
- बराक-8: सतह से हवा में मार करने वाली इस मिसाइल को भारत और इजरायल साथ मिलकर तैयार किया है। बराक-8 मिसाइल की रेंज 70 किमी तक की है और ये 16 किमी तक की ऊंचाई पर टारगेट को भेद सकती है। इस मिसाइल को लड़ाकू विमान, हेलीकॉप्टर और मिसाइलों को तबाह करने के लिए तैयार किया गया है।
- आकाश: भारत का एयर डिफेंस आकाश एक मध्यम दूरी की, सतह से हवा में मार करने वाला मिसाइल सिस्टम है। आकाश एयर डिफेंस सिस्टम को रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) ने विकसित किया है। आकाश मिसाइल की रेंज 4.5 किमी से लेकर 25 किमी तक की है। ये हवा में 18 किमी तक की ऊंचाई पर दुश्मन के टारगेट को तबाह कर सकती है। आकाश मिसाइल के अपग्रेडेड वर्जन आकाश NG की रेंज 70 किमी तक की होने वाली है।
- पेचोरा: ये मिसाइल सिस्टम सोवियत काल का है लेकिन इसका इस्तेमाल आज भी कई देश करते हैं। पेचोरा मिसाइल डिफेंस सिस्टम कम रेंज और कम ऊंचाई पर उड़ान भर रहे टारगेट को निशाना बनाने में माहिर है। पेचोरा मिसाइल सिस्टम की रेंज 35 किलोमीटर तक की है और ये 59,000 फीट तक की ऊंचाई पर टारगेट को ध्वस्त कर सकता है।
- SpyDer: भारत का ये डिफेंस सिस्टम काफी हल्का, घातक और सटीक माना जाता है। इसकी मदद से किसी एयरक्राफ्ट, फाइटर जेट, हेलिकॉप्टर, ड्रोन्स आदि को आसानी से निशाना बनाया जा सकता है। इस मिसाइल डिफेंस सिस्टम की रेंज 15 किलोमीटर के करीब होती है। वहीं, इसके अपग्रेडेड वर्जन की रेंज 35 किमी तक भी हो सकती है।
- इन सभी के अलावा भारत के पास कम दूरी तक मार करने वाली SAMAR (10-12 किमी रेंज) रूसी इग्ला-1एम (5 किमी रेंज), ओएसए-एके-एम (10 किमी रेंज), रूसी मैन-पोर्टेबल इग्ला-एस (6 किमी रेंज) जैसे एयर डिफेंस सिस्टम भी मौजूद हैं। ये सभी हथियार दुश्मनों को तबाह कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें- Explainer: S-400 बना भारत का कवच, पाकिस्तानी मिसाइलों को किया ध्वस्त, जानें इस एयर डिफेंस सिस्टम की ताकत