आईपीएल 2025 का 18वां सीजन चल रहा है, आज चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच मैच होना है। दोनों टीमों के फैंस इस मैच को लेकर काफी उत्साहित हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक खबर चल रही कि एमएस धोनी ने आईपीएल 2025 18वें सीजन के बीच में ही संन्यास का ऐलान कर दिया है, जो इंडिया टीवी के फैक्ट चेक में पूरी तरह गलत पाया गया।
Related Stories
क्या किया गया दावा?
सोशल मीडिया पर कई यूजर ये दावा कर रहे हैं कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी ने अपने रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है और अब वे मेंटर के रूप में पूरे सीजन टीम के साथ रहेंगे। यह दावा फेसबुक पर किया गया है। जो आप यहां,यहां देख सकते हैं।

पड़ताल में क्या मिला?
इंडिया टीवी फैक्ट चेक की टीम ने इस खबर को लेकर एमएस धोनी के ऑफिशियल कंफर्मेशन को लेकर कई जगह खोजा। हमने एमएस धोनी के सोशल मीडिया को खंगाला, साथ ही सीएसके यानी चेन्नई सुपर किंग्स के ऑफिशियल अकाउंट को खंगाला,लेकिन हमें कोई पोस्ट इससे संबंधित नहीं मिला। इसके साथ ही हमने एमएस धोनी के रिटायरमेंट को लेकर गूगल पर भी सर्च किया, लेकिन हमें कोई भी ऐसी जानकारी नहीं मिली जो आधिकारिक पुष्टि कर सके।
सर्च करने के दौरान हमें 7 अप्रैल को पब्लिश एक मीडिया रिपोर्ट मिली जिसमें धोनी अपने रिटायरमेंट के बारे में राज शमानी के पॉडकास्ट पर बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "मैं अभी भी आईपीएल खेल रहा हूं और साल में एक बार ही खेलता हूं। मैं 43 साल का हूं, इस आईपीएल सीजन के अंत तक, जुलाई में मैं 44 साल का हो जाऊंगा, इसलिए मेरे पास यह तय करने के लिए 10 महीने हैं कि मैं एक और साल खेलना चाहता हूं या नहीं और यह मैं नहीं तय कर रहा हूं; यह मेरा शरीर है, जो बताता है आप खेल सकते हैं या नहीं।"

क्या निकला निष्कर्ष?
इंडिया टीवी ने फैक्ट चेक में पाया सोशल मीडिया पर एमएस धोनी के रिटायरमेंट को लेकर यह दावा पूरी तरह फर्जी (False) है।