बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा तब्बू 4 नवंबर को अपना 50वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रही हैं। 2 बार नेशनल अवॉर्ड जीत चुकी तब्बू साल 1980 से फिल्म इंडस्ट्री में अपना योगदान दे रही हैं। इस लंबे सफर में उन्होंने एक से बढ़कर एक फिल्में की और अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया। उनका जन्म हैदराबाद में हुआ था। उनका असली नाम तबस्सुम फातिमा हाशमी है। वो दिग्गज अदाकारा शबाना आजमी और बाबा आजमी की भतीजी हैं। अभिनेत्री फराह नाज, तब्बू की बड़ी बहन हैं। फिल्मी परिवार से होने के कारण तब्बू का रुझान बचपन से ही फिल्मों की ओर था। उन्होंने हमेशा ही लीक से हटकर किरदारों को निभाया है, जो दर्शकों के दिल तक भी पहुंचे हैं।
तब्बू को इंडस्ट्री की सबसे संजीदा अभिनेत्रियों में से एक कहा जाता है। उन्होंने जिस समय में अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की उस वक्त इंडस्ट्री में अभिनेत्रियों की तुलना में अभिनेताओं का जलवा ज्यादा छाया हुआ था। लेकिन तब्बू ने फिर भी अपने हर किरदार को पर्दे पर बेहतरीन दिखाने के लिए कड़ी मेहनत की। पर्दे पर तो उन्हें कई हस्तियों के साथ रोमांस करते हुए देखा जा चुका है, लेकिन असल जिंदगी में उन्होंने अब तक शादी नहीं की है।
तब्बू की फिल्मों के बारे में तो उनके साथ पर्दे पर चाहे कितने ही किरदार हो, लेकिन वह अपनी छाप छोड़ ही देती हैं। उनकी फिल्मों में बाकी सभी किरदार एक तरफ होते हैं और तब्बू एक तरफ, जो अकेले ही सब पर भारी पड़ती हैं। तब्बू को न सिर्फ हिन्दी फिल्मों में बल्कि इंग्लिश, मराठी, तेलुगू और बंगाली फिल्मों में भी शानदार अभिनय करते हुए देखा जा चुका है।
क्या आप तब्बू के बारे में ये 10 दिलचस्प बातें जानते हैं...
तब्बू ने 1982 में आई फिल्म 'बाजार' में एक छोटे से किरदार से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद वह 1985 में आई फिल्म 'हम नौजवान' में नजर आईं। इस फिल्म में उन्होंने दिग्गज अभिनेता देव आनंद की बेटी की भूमिका निभाई थी। इस फिल्म में महज 14 साल उम्र में उन्होंने एक रेप पीड़िता का किरदार निभाया था।
साल 1996 में तब्बू की 8 फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज की गई जिनमें से 'साजन चले ससुराल' और 'जीत' को लोगों से खूब सराहना हासिल हुई। इसके अलावा फिल्म 'माचिस' में तब्बू पंजाबी महिला की भूमिका में नजर आईं, इसे भी दर्शकों ने खूब पसंद किया था। इस फिल्म के लिए उन्हें पहली बार सर्वश्रेष्ठ अदाकारा का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी दिया गया।
2001 में आई मधुर भंडारकर के निर्देशन में बनी फिल्म 'चांदनी बार' के लिए उन्हें दूसरी बार राष्ट्रीय फिल्म अवॉर्ड दिया गया। फिल्म समीक्षकों ने तो यहां तक कह दिया था कि यह पूरी फिल्म केवल तब्बू के लिए देखी जानी चाहिए।
तब्बू ने साल 2007 में पहली बार मीरा नायर के निर्देशन में बनी हॉलीवुड फिल्म 'द नेमसेक' में अभिनय किया था। उनकी इस फिल्म को विदेश में खूब पसंद किया गया और यह हिट भी साबित हुई।