अहमदाबाद विमान हादसा: प्लेन क्रैश के बाद सामने आईं उसकी भयावह तस्वीरें, देखकर लगा सकते हैं हादसे का अंदाजा
अहमदाबाद विमान हादसा: प्लेन क्रैश के बाद सामने आईं उसकी भयावह तस्वीरें, देखकर लगा सकते हैं हादसे का अंदाजा
आज गुजरात के अहमदाबाद में एक ऐसा भयानक हादसा हुआ जिसका अंदाजा किसी को नहीं था। एयर इंडिया का विमान उड़ान भरने के तुरंत बाद क्रैश हो गया जिसकी कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं।
Published : Jun 12, 2025 03:57 pm IST, Updated : Jun 12, 2025 04:52 pm IST
1/7Image Source : ANI
आज यानी 12 जून 2025 की दोपहर को अहमदाबाद एयरपोर्ट से लंदन के लिए एयर इंडिया की फ्लाइट B787 ने उड़ान भरी मगर प्लेन के उड़ान भरने के तुरंत बाद वो क्रैश हो गया। प्लेन के क्रैश होते ही एक बड़ा धमाका हुआ। जब प्लेन क्रैश हुआ तो उसमें 230 यात्री सवार थे जिसमें से 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाल और 1 कनाडा का नागिरक था। इसके अलावा 12 क्रू मेंबर मौजूद थे और सभी को मिलाकर यह संख्या 242 पहुंच जाती है।
2/7Image Source : India TV
आपको बता दें कि जो विमान हादसे का शिकार हुआ है वो बोइंग कंपनी का था और करीब 11 साल पुराना था। इस विमान में कई धातुओं का मिश्रण होता है, जिसके कारण इसका वजन बेहद कम होता है। इसी वजह से यह विमान लंबी दूरी की यात्राएं करने में सक्षम रहता है। इसके साथ ही इसकी ईंधन की खपत भी कम होती है। इसी वजह से दुनिया की हर बड़ी एयरलाइन इस विमान का इस्तेमाल करती है।
3/7Image Source : ANI
विमान हादसे में शिकार हुए लोगों को बचाने के लिए राहत और बचाव कार्य को चलाया जा रहा है। घटनास्थल पर NDRF की 90 कर्मियों वाली 3 टीमें गांधीनगर से भेजी गई हैं। वहीं, वडोदरा से भी कुल 3 और टीमें भेजी जा रही हैं। आर्मी और एयरफोर्स ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
4/7Image Source : India TV
अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश मामले पर पीएम मोदी ने प्रतिक्रिया दी है। एक्स पर पीएम मोदी ने लिखा, 'अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया है। यह शब्दों से परे दिल दहला देने वाली घटना है। इस दुखद घड़ी में, मेरी संवेदनाएँ इससे प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूँ जो प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं।'
5/7Image Source : India TV
अहमदाबाद विमान हादसे पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा, 'अहमदाबाद में एयर इंडिया के यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना से मुझे गहरा दुख हुआ है। मैंने अधिकारियों को तत्काल बचाव और राहत कार्य करने और युद्ध स्तर पर घायल यात्रियों के तत्काल उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। मैंने घायल यात्रियों को इलाज के लिए ले जाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था करने और अस्पताल में इलाज की सभी व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुझसे बात की है और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।'
6/7Image Source : India TV
अहमदाबाद में हुए भयंकर विमान हादसे की जानकारी मिलने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, 'अहमदाबाद में हुए दुखद विमान हादसे को मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। आपदा प्रतिक्रिया बलों को तुरंत दुर्घटनास्थल पर भेज दिया गया है। स्थिति का आकलन करने के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गृह मंत्री हर्ष संघवी और अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त से बात की।'
7/7Image Source : India TV
एयर इंडिया के एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद यहां सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ान परिचालन सस्पेंड कर दिया गया है। एयरपोर्ट के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, "सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अहमदाबाद वर्तमान में चालू नहीं है। अगली सूचना तक सभी उड़ानों का परिचालन निलंबित कर दिया गया है।" हवाई अड्डे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे हवाई अड्डे पर जाने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से नवीनतम जानकारी प्राप्त कर लें।