Published : Sep 18, 2025 02:28 pm IST, Updated : Sep 18, 2025 02:28 pm IST
1/7Image Source : PTI
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को एक बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने एक बार फिर 'वोट चोरी' की बात करते हुए बीजेपी और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। आइए, देखते हैं राहुल गांधी इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किस अंदाज में नजर आए।
2/7Image Source : PTI
राहुल गांधी ने दावा किया कि उनकी पार्टी के समर्थक वोटर्स के नाम वोटर लिस्ट से हटाने की कोशिशें हुईं और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार 'लोकतंत्र की हत्या करने वालों' और 'वोट चोरों' की रक्षा कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ज्ञानेश कुमार को ऐसे लोगों को संरक्षण देना बंद करना चाहिए और एक हफ्ते में निर्वाचन आयोग को कर्नाटक की CID के साथ पूरी जानकारी साझा करनी चाहिए।
3/7Image Source : PTI
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कर्नाटक के कलबुर्गी जिले के आलंद विधानसभा क्षेत्र के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि कांग्रेस के वोटर्स के नाम हटाने की कोशिश सुनियोजित तरीके से की गई। उनके मुताबिक, जिनके नाम हटाने की कोशिशें हुईं और जिनके नाम का इस्तेमाल कर नाम हटाने के एप्लीकेशन दिए गए, उन्हें इसकी जानकारी ही नहीं थी।
4/7Image Source : PTI
राहुल गांधी ने कहा कि यह 'हाइड्रोजन बम' नहीं है और वह आगे आने वाला है। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि CEC ज्ञानेश कुमार भारतीय लोकतंत्र को नष्ट करने और 'लोकतंत्र की हत्या करने वालों' की रक्षा कर रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा,'मैं अपने लोकतंत्र, देश और संविधान से बहुत प्रेम करता हूं और ऐसी कोई बात नहीं करूंगा जो तथ्यों पर आधारित नहीं हो।'
5/7Image Source : PTI
राहुल गांधी के मुताबिक, आलंद विधानसभा क्षेत्र में 6018 मतदाताओं का नाम हटाने के लिए आवेदन दिए गए। उन्होंने कहा कि ऐसा कांग्रेस मतदाताओं को निशाना बनाकर किया गया। राहुल गांधी ने दावा किया कि मतदाताओं के नाम हटाने के लिए जिन मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल हुआ वे कर्नाटक के बाहर के थे। उन्होंने मंच पर कुछ लोगों को पेश किया जिनके नाम मतदाता सूची से हटाने की कथित कोशिश हुई या उनके नाम इस्तेमाल करके ऐसा करने की कोशिश हुई।
6/7Image Source : PTI
राहुल गांधी ने कहा, 'इस मामले की जांच कर्नाटक की CID कर रही है। CID ने 18 पत्र भेजकर कुछ जानकारियां मांगी, लेकिन यह जानकारी नहीं दी गई क्योंकि इससे वहां तक पहुंचा जा सकेगा जहां से यह अभियान चलाया जा रहा है।' उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के राजौरा विधानसभा क्षेत्र में इसी तरीके का इस्तेमाल करके 6850 नाम जोड़े गए।
7/7Image Source : PTI
राहुल गांधी ने कहा कि एक हफ्ते में चुनाव आयोग को पूरा विवरण देना चाहिए और यदि ऐसा नहीं है तो फिर साफ हो जाएगा कि ज्ञानेश कुमार 'वोट चोरों' की मदद कर रहे हैं। राहुल गांधी ने बीते एक सितंबर को पटना में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के समापन के मौके पर ‘वोट चोरी’ से जुड़े अपने पहले के खुलासे का हवाला देते हुए दावा किया था कि 'एटम बम' के बाद अब 'हाइड्रोजन बम' आने वाला है। उन्होंने बेंगलुरु के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में कथित वोट चोरी का मुद्दा बीते 7 अगस्त को प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए उठाया था।