Published : Feb 01, 2025 08:47 pm IST, Updated : Feb 01, 2025 08:47 pm IST
1/6Image Source : PTI
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शनिवार को प्रयागराज महाकुंभ में पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ संगम में डुबकी लगाई और सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। धनखड़ पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ हेलीकॉप्टर से तीर्थराज प्रयागराज पहुंचे, जहां हेलीपैड पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंगवस्त्र ओढ़ाकर उनका स्वागत किया।
2/6Image Source : PTI
यहां से वह अरैल संगम घाट की ओर बढ़े, जहां क्रूज पर सवार होकर उन्होंने नौकायन का आनंद लिया और त्रिवेणी संगम में चिह्नित स्थान पर स्नान किया। धनखड़ ने स्वस्ति वाचन की गूंज के बीच संगम में आस्था की डुबकी लगाई।
3/6Image Source : PTI
स्नान के दौरान वृंदावन के मुख्य पुजारी पुंडरीक गोस्वामी ने पूजा-अर्चना की। नौकायन के दौरान साइबेरियन पक्षियों को देखकर उपराष्ट्रपति उत्साहित नजर आए। उन्होंने कलरव करते पक्षियों को दाना डाला और परिजनों समेत इस क्षण का आनंद लिया। नौकायन के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से त्रिवेणी संगम के महात्म्य के बारे में जाना।
4/6Image Source : myogiadityanath/x
त्रिवेणी संगम पर स्नान के बाद उपराष्ट्रपति ने पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सरस्वती कूप, अक्षय वट और बड़े हनुमान मंदिर में विधि विधान से पूजा-अर्चना की। बड़े हनुमान मंदिर में धनखड़ ने महाबली हनुमान को रोली, वस्त्र, जनेऊ, सिंदूर, लाल चंदन, माला, धूप-दीप, नैवेद्य अर्पित किया और परिक्रमा भी की।
5/6Image Source : PTI
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने महाकुंभ की तैयारियों को लेकर कहा, “मैंने अपने जीवन में इतना भव्य-दिव्य और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित महासमागम नहीं देखा। यहां आकर जीवन धन्य हो गया।”
6/6Image Source : PTI
धनखड़ की महाकुंभ यात्रा के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ, औद्योगिक विकास मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी समेत उत्तर प्रदेश सरकार के विभिन्न मंत्री और शासन के आला पदाधिकारी मौजूद रहे।